जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: मालन नदी के पुल के पास में स्थित एचएमएच मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में मानकों को दरकिनार करते हुए आईसीयू संचालित किया जा रहा है, वह भी नियम विरुद्ध टेबल फैन के सहारे। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि हॉस्पिटल संचालकों द्वारा ऐसा कर एक ओर जहां मरीजों के जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा है, तो वहीं नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए धोखाधड़ी की जा रही है। अफसरों की मानें तो केवल जिला मुख्यालय के ही कुछ अस्पतालों में आईसीयू की सुविधा है, लेकिन यदि नियम विरुद्ध किसी ने अपने अस्पताल पर आईसीयू लिखवा रखा है, तो संबंधित की जांच कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

