जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के नवीन सत्र का शुभारंभ हवन के साथ प्रारंभ हुआ। सर्वप्रथम प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष ललित माहेश्वरी, समिति सदस्य ज्ञानचंद सिंघल एवं प्रधानाचार्य हरिओम गणपति सहस्त्रबुद्धे ने संयुक्त रूप से माँ शारदे के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इसके उपरांत पंडित प्रशांत दूबे ने हवन कार्य सम्पन्न कराया। प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष ललित माहेश्वरी हवन में मुख्य यजमान की भूमिका में रहे। हवन में विद्यालय के समस्त छात्रों एवं शिक्षकों ने आहुति प्रदान की।
इस अवसर पर मुख्य यजमान विद्यालय प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष ललित माहेश्वरी ने नवीन सत्र के शुभारंभ के अवसर पर संपूर्ण विद्यालय परिवार को अपनी शुभकामनाएं प्रदान की। छात्रों को अपना शुभाशीष प्रदान करते हुए प्रबंध समिति सदस्य ज्ञानचंद सिंघल ने कहा कि छात्रों के जीवन में धर्म की महत्ता बढ़े, इस निमित्त विद्यालय के नवीन सत्र के प्रथम दिन हवन का आयोजन किया गया।
यह विद्यालय छात्रों के लिए केवल शिक्षा का केंद्र ही नही, अपितु एक संस्कार केंद्र भी है। विद्या मंदिर के छात्र अपने सदआचरण के द्वारा समाज में एक अलग पहचान रखते है। उन्होंने कहा कि सभी छात्र प्रथम दिन से ही पूर्ण मनोयोग एवं परिश्रम के साथ अध्ययन में जुट जाएं। प्रधानाचार्य हरिओम गणपति सहस्त्रबुद्धे ने छात्रों को नवीन सत्र की शुभकामनाएं प्रदान करते हुए आगामी सत्र हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कार्यक्रम का संचालन मनोज गर्ग ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के उपप्रबंधक प्रवीण बंसल के अतिरिक्त विद्यालय के समस्त छात्र एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

