जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: हॉकी इंडिया ने एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कप्तानी मिडफील्डर सलीमा टेटे को सौंपी गई है। अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के संतुलित संयोजन वाली भारतीय टीम अगस्त में नीदरलैंड और बेल्जियम की संयुक्त मेजबानी में होने वाले विश्व कप में उतरेगी।
विश्व कप के लिए संतुलित है भारतीय टीम
भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच स्योर्ड मारिजने ने विश्व कप के लिए चुनी गई टीम को संतुलित करार दिया है। 15 से 30 अगस्त तक खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट के लिए टीम लंबे समय से बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय शिविर में तैयारी कर रही है।
टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कई युवा चेहरों को भी शामिल किया गया है, जिन्होंने हाल के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है। भारत ने पिछले महीने न्यूजीलैंड में आयोजित एफआईएच नेशंस कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिना कोई मुकाबला गंवाए खिताब अपने नाम किया था।
कोच मारिजने को टीम की क्षमता पर भरोसा
मुख्य कोच स्योर्ड मारिजने ने कहा कि विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट को ध्यान में रखते हुए टीम का चयन संतुलित तरीके से किया गया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट से पहले कड़ी मेहनत की है और टीम में मौजूद क्षमता को लेकर उन्हें पूरा विश्वास है।
कोच के अनुसार, भारतीय टीम दुनिया की शीर्ष टीमों के खिलाफ सबसे बड़े मंच पर खेलने के लिए पूरी तरह तैयार और उत्साहित है।
भारत का पूल और मुकाबलों का कार्यक्रम
एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 में भारत को पूल डी में रखा गया है। इस पूल में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीमें भी शामिल हैं।
भारतीय टीम अपने सभी ग्रुप मुकाबले नीदरलैंड के एमस्टेलवीन स्थित वागेनर हॉकी स्टेडियम में खेलेगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगा। इसके बाद टीम 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड का सामना करेगी।
एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम
गोलकीपर: सविता, बिचू देवी खारीबम
डिफेंडर: इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबम, लालथंतलुंगी, ज्योति, शिल्पी डबास
मिडफील्डर: निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, दीपिका सोरेंग
फॉरवर्ड: लालरेम्सियामी, रुतुजा दादासो पिसल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग

