नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। रक्षाबंधन के मौके पर कृति सेनन अपने एक ज्वेलरी विज्ञापन को लेकर विवादों में आ गई थीं। विज्ञापन में उनके पहनावे और रक्षाबंधन के त्योहार को दिखाने के तरीके पर सोशल मीडिया यूजर्स के एक वर्ग ने आपत्ति जताई थी। विवाद बढ़ने के बाद ज्वेलरी ब्रांड ने विज्ञापन को हटा दिया था। अब ब्रांड ने इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है और कृति सेनन का खुलकर समर्थन किया है।
ब्रांड ने किया कृति सेनन का समर्थन
विज्ञापन हटाए जाने के बाद ज्वेलरी ब्रांड को भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। अब ब्रांड के फाउंडर ने एक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि कैंपेन का उद्देश्य कभी भी किसी धार्मिक या सांस्कृतिक भावना को ठेस पहुंचाना नहीं था। फाउंडर ने कहा कि वह कृति सेनन को लेकर रक्षाबंधन कैंपेन पर हो रही चर्चाओं पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने उन अटकलों को भी खारिज किया कि विज्ञापन हटाने का मतलब यह था कि ब्रांड कैंपेन या उसके संदेश के समर्थन में नहीं है।
उन्होंने कहा कि कैंपेन कृति सेनन के साथ मिलकर तैयार किया गया था। इसका उद्देश्य रक्षाबंधन को ऐसे तरीके से सेलिब्रेट करना था, जो परिवार को एक साथ लाए। उन्होंने कहा कि ब्रांड कैंपेन की सोच और भावना के साथ आज भी खड़ा है और इस मामले में कृति के साथ पूरी तरह सहमत है।
सुरक्षा कारणों से हटाया गया विज्ञापन
ब्रांड के फाउंडर ने विज्ञापन हटाने की वजह भी स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि वीडियो को हटाने का फैसला उस समय लिया गया, जब कुछ स्टोर्स के आसपास हालात बिगड़ने लगे थे और ऑन-ग्राउंड टीमों के लिए असुरक्षित माहौल बन रहा था।
उन्होंने कहा कि उस वक्त ब्रांड की पहली प्राथमिकता अपने कर्मचारियों और स्टोर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करना थी। वह नहीं चाहते थे कि किसी भी कर्मचारी को नुकसान पहुंचे। इसलिए सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विज्ञापन हटाने का फैसला लिया गया।
कृति के पहनावे पर हुआ था विवाद
दरअसल, विवाद रक्षाबंधन के मौके पर जारी किए गए ज्वेलरी ब्रांड के विज्ञापन से शुरू हुआ था। इसमें कृति सेनन को त्योहार की रस्में निभाते हुए लहंगे के साथ डीप-नेक ब्लाउज और केप पहने देखा गया था।
जहां कई लोगों ने उनके लुक को पसंद किया, वहीं सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने उनके पहनावे को लेकर सवाल उठाए। कुछ लोगों ने इसे रक्षाबंधन जैसे त्योहार के लिए अनुचित बताया।
विवाद बढ़ने के बाद ब्रांड ने विज्ञापन हटा दिया था। वहीं, कृति सेनन ने भी आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाया था कि अक्सर किसी महिला के कपड़ों को उसकी संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान से क्यों जोड़ दिया जाता है।

