नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने हाल ही में नसीरुद्दीन शाह के एक बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। छात्र विरोध प्रदर्शन के दौरान बॉलीवुड कलाकारों की चुप्पी पर नसीरुद्दीन शाह की टिप्पणी के जवाब में कंगना ने उन्हें ‘लोमड़ी’ तक कह दिया था। अब अभिनेत्री ने अपने इस बयान पर सफाई दी है।
नसीरुद्दीन शाह को ‘लोमड़ी’ कहने पर क्या बोलीं कंगना?
कंगना रनौत ने नसीरुद्दीन शाह के लिए ‘लोमड़ी’ शब्द इस्तेमाल करने के अपने बयान का बचाव किया। उन्होंने कहा कि नसीरुद्दीन शाह ने एक आपत्तिजनक वीडियो बनाया था, जिसमें कथित तौर पर कई तरह की धमकियां दी गई थीं। कंगना ने नसीरुद्दीन शाह के बयानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी फिल्मों, इंटरव्यू और टिप्पणियों में अक्सर पाकिस्तान का जिक्र देखने को मिलता है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर उनका ‘पाकिस्तान प्रेम’ कब खत्म होगा।
फिल्म इंडस्ट्री पर भी साधा निशाना
कंगना ने इस दौरान बॉलीवुड की कथित चुप्पी और विरोध प्रदर्शनों को लेकर भी फिल्म इंडस्ट्री पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर देश के अलग-अलग हिस्सों में युवा किसी तरह के अत्याचार का सामना कर रहे हैं, तो क्या वे भी Gen Z का हिस्सा नहीं हैं? अभिनेत्री ने कहा कि किसी युवा को केवल तभी Gen Z क्यों माना जाता है, जब वह देश के खिलाफ आवाज उठाए या प्रधानमंत्री का अपमान करे। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के रवैये को ‘पाखंड’ बताते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर आंसू बहाने वालों को झारखंड के बच्चों के लिए भी उसी तरह आवाज उठानी चाहिए।
पहले नसीरुद्दीन शाह पर क्या बोली थीं कंगना?
इससे पहले कंगना ने नसीरुद्दीन शाह पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा था कि वह जिस देश की रोटी खाती हैं, उसकी रक्षा करना पसंद करती हैं। उन्होंने नसीरुद्दीन शाह पर पड़ोसी देश के पक्ष में खड़े होने का आरोप लगाते हुए कहा था कि वह उनकी तरह ‘लोमड़ी’ बनने के बजाय ‘कुत्ता’ बनना पसंद करेंगी। कंगना ने कहा था कि उन्हें गर्व है कि वह उसी घर की रक्षा करती हैं, जहां से उन्हें खाना मिलता है।

