जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: खेल के लिए दिये जाने वाले सबसे बड़े पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार की घोषणा कर दी गयी है। इस साल क्रिकेटर रोहित शर्मा, पहलवान विनेश फोगाट, महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, टेबल टेनिस की मनिका बत्रा और पैरा ऐथलीट मरियप्पन थंगवेलु को इस सम्मान के लिए चुना गया है।
इनके चयन पर खेल मंत्रालय की समिति ने अपनी मुहर लगा दी है। इसके साथ ही कुल 29 खिलाड़ियों के नाम की घोषणा अर्जुन पुरस्कार के लिए की गयी है। खेल मंत्रालय की 12 सदस्यीय चयन समिति ने इनका चयन किया है।
भारत रत्न पाने वाले चौथे क्रिकेटर हैं रोहित
33 वर्षीय रोहित शर्मा खेल रत्न पाने वाले केवल चौथे क्रिकेटर होंगे। उनसे पहले यह सम्मान सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धौनी और वर्तमान कप्तान विराट कोहली को मिल चुका है। खेल रत्न पाने वाले तेंदुलकर पहले भारतीय क्रिकेटर थे। उन्हें 1998 में यह सम्मान दिया गया था। वहीं महेन्द्र सिंह धोनी को 2007 और विराट कोहली को 2018 में यह सम्मान मिल चुका है। इनके साथ भारोत्तोलक मीराबाई चानू को यह पुरस्कार मिला था।
रोहित का शानदार योगदान
पिछले कई मैचों में रोहित को उनकी शानदार बल्लेबाजी के कारण इस सम्मान के लिए चुना गया है। विनेश को 2018 में राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में गोल्ड और 2019 में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के उपलक्ष्य में भारत रत्न के लिए चुना गया है।
विनेश ने अपने चुनाव पर इसे करियर के लिए सबसे अहम पल बताया। एथेलिट थंगवेलु को 2016 रियो ओलिंपिक में ऊंची कूद में गोल्ड जीतने के लिए पुरस्कार दिया गया है।
वहीं रानी ने एफआईएच ओलिंपिक क्वॉलिफायर्स में जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही निर्णायक गोल किया। जिससे भारत को तोक्यो ओलिंपिक की बाधा पार करने में मदद मिली।
29 अगस्त को दिया जाएगा पुरस्कार
कोरोना के कारण राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह का आयोजन इस साल वर्चुअल होने की संभावना है। जीतने वाले खिलाड़ी अपने क्षेत्रों से लॉग इन करके 29 अगस्त को इस समारोह से जुड़ेंगे।
आम तौर पर इसका आयोजन राष्ट्रपति भवन में होता रहा है। बता दें कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन 29 अगस्त को देश में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में याद किया जाता है।

