
विदिशा श्रीवास्तव ने हाल ही में एंडटीवी के कल्ट कॉमेडी शो ‘भाबीजी घर पर है’ में नई अनीता भाबी के रूप में एंट्री की है। उनकी इस एंट्री को लेकर इंडस्ट्री में जारी चर्चा के बीच हमने उनसे एक छोटी सी मुलाकात की। इस दौरान हमने विदिशा से अनीता भाबी का किरदार निभाने, परदे के पीछे की मस्ती, कॉमेडी जोनर में पहली बार काम करने के उनके अनुभव आदि पर बात की।
प्रस्तुत है उनके साथ हुई बातचीत के कुछ प्रमुख अंश:
नई अनीता भाबी बनकर आपको कैसा लग रहा है? इस किरदार के लिये जब आपको चुना गया, तो आपकी पहली प्रतिक्रिया क्या थी?
मैं इस किरदार को निभाने का मौका पाकर बेहद खुश हूं और गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। जब मुझे इस रोल को निभाने के लिए चुन लिया गया, तो मेरा पहला रिएक्शन था-‘ओह माई गॉड! क्या यह सचमुच हो रहा है!’ मेरी दोस्तों और परिवार वालों को जब से पता चला है कि मैं अनीता भाबी का किरदार निभा रही हूं, उनके तो पांव जमीन पर ही नहीं पड़ रहे हैं।
विदिशा और अनीता भाबी के बीच क्या समानताएं और असमानताएं हैं?
अनीता भाबी आधुनिक हैं और ‘आज की नारी’ हैं। उसकी पर्सनैलिटी बहुत दमदार और सबसे अलग हटकर है, जो इस किरदार का एक सबसे महत्वपूर्ण पहलू है। वह अपने दिमाग से काम करती है और बोल्ड है। वह जिस पर भरोसा करती है, उसके लिये खड़ी होती है और उसे झुकाना आसान नहीं है। मैं भी असली जिंदगी में कुछ-कुछ ऐसी ही हूं। इसलिये, जब मुझे इस रोल के लिये चुना गया, तो मैं इस किरदार के साथ जुड़ाव महसूस कर सकती थी और इसमें आसानी से ढल गई थी।
कॉमेडी जोनर आपके लिए नया है। कितना मुश्किल या आसान है?
मैं कॉमेडी जोनर को एक्सप्लोर करने के लिये मानसिक रूप से तैयार थी। यह जरूर कहना चाहूंगी कि कॉमेडी सबसे मुश्किल जोनर है। लोगों को इमोशनल करना आसान होता है, लेकिन उन्हें हंसाना बहुत ही मुश्किल काम है।
एक्सप्रेशन, कॉमिक टाइमिंग और बॉडी लैंग्वेज जैसी कई बारीकियां लोगों को हंसाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और इसे सही तरीके से करने के लिये आपको बहुत कड़ी मेहनत करनी होती है।


