जनवाणी संवाददाता |
मंसूरपुर: थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब, शराब बनाने के उपकरण व गाड़ी सहित एक बदमाश को धर दबोच लिया जबकि उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है तथा उसके दूसरे फरार साथी की तलाश जारी है।
थाना क्षेत्र के हाईवे पर शाहपुर मोड़ के पास थाना प्रभारी मनोज कुमार चाहल के नेतृत्व में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी बीच एक अल्टो कार सामने से आती दिखाई दी तो पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया। पुलिस को सामने देख गाड़ी से एक बदमाश कूदकर गन्नो के खेत मे घुस कर फरार हो गया।
पुलिस ने दूसरे बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में उसने अपना नाम मनोज उर्फ सोनू पुत्र कंवरपाल निवासी टावर वाली गली मिल मंसूरपुर बताया। पुलिस ने कार समेत सौ लीटर अवैध मिश्रित शराब जो तीन कैन में भरी हुई थी बरामद की।
इसके अलावा चार किलो यूरिया खाद, एक हजार शराब के खाली पव्वे, एक हजार पव्वों के ढक्कन, 1109 पव्वों पर लगने वाले रैपर, 20 गत्ते की खाली पेटी, ढक्कन सील करने वाली मशीन, एक प्लास्टिक की बाल्टी, एक मग्गा तथा एक कीप भी बरामद की गई। पुलिस ने कार समेत सभी सामान अपने कब्जे में लेने के साथ बदमाश के खिलाफ गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। जबकि उसके फरार साथी की सरगर्मी के साथ तलाश शुरू कर दी है।
बदमाश को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी मनोज कुमार चाहल, उपनिरीक्षक गुरूबचन सिंह, उपनिरीक्षक युनुस खान, कांस्टेबल आदित्य कुमार, आशीष कुमार, संजीव भाटी एवं सौरभ कुमार मौजूद रहे।

