- पुलिस ने आरोपी से बरामद की हत्या में शामिल बाइक
जनवाणी संवाददाता |
हस्तिनापुर: दोहरे हत्याकांड के फरार मुख्य आरोपी को थाना पुसिल ने देर रात रानी नंगला मोड के समीप चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए सीएचसी भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा ओर हत्या में इस्तेमाल बाइक को बरामद किया।
थाना प्रभारी दिनेश शर्मा ने बताया कि मुखबिर ने रात्रि लगभग 12 बजे सूचना दी कि दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी कोशिंदर राज भाई की पट्टी गणेशपुर से रानी नंगला की ओर जा रहा है। इसके बाद आनन-फानन में पुलिस ने चेकिंग अभियान शुरू किया। चेकिंग के दौरान आ रही बाइक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार बाइक मुड़कर भागने का प्रयास किया। जिसमें बाइक अनियंत्रित हो गिर गई।

पुलिस को नजदीक आते देख बदमाश ने पुलिस पर फायर झोंक दिया पुलिस में आत्मरक्षा में फायर किया तो बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल अवस्था में बदमाश को मवाना सीएचसी भर्ती कराया। जहां उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बाइक एक तमंचा बरामद किया। वहीं थाना पुलिस दोहरे हत्या कांड के दो आरोपी को पहले ही जेल भेज चुकी है।
पिस्टल के बल पर वृद्ध दंपति का अपहरण
मेरठ/परतापुर: बाइपास स्थित गायत्री स्टेट से शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े 4-5 गाड़ी सवार बदमाशों ने घर में तोड़फोड़ कर पिस्टल के बल पर वृद्ध दंपति से मारपीट करते हुए अपहरण कर लिया। सरेआम अपहरण की घटना से गायत्री स्टेट में हड़कंप मच गया। काफी लोग एकत्र हो गए।
सूचना पर पुलिस पहुंची। बदमाशों की घेराबंदी की सूचना फ्लैश होते ही बदमाश वृद्ध दंपति को जेल चुंगी छोड़कर भाग गए। पुलिस ने दो अपहरणकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। जिनसे पूछताछ जारी है। इस दौरान वृद्ध दंपति के समर्थकों का थाने पर जमावड़ा लगा रहा।
ए-23 गायत्री स्टेट में 70 वर्षीय चमनसिंह का 119 मीटर में शानदार मकान बना हुआ है। चमनसिंह दिल्ली में दूध की डेयरी चलाते थे और कबड्डी के स्टेट चैंपियन रह चुके हैं। यहां चमनसिंह पत्नि बबली 65 के साथ रहते हैं। इनका बेटा अंकुर गांव लालपुर में रहता है। अपहरण की सूचना पर बेटा तुरंत गायत्री स्टेट पहुंचा और समर्थकों के साथ थाने पहुंचा। बेटे अंकुर ने पुलिस को बताया कि उसके पिता चमनसिंह ने क्राइम ब्रांच में बताने वाले इटावा निवासी रविशंकर को 24 लाख में मकान के नीचे वाला हिस्सा बेचा था, लेकिन उसने रकम का चेक वापस ले लिया था।

मांगने पर नहीं देता था। शुक्रवार को रविशंकर 4-5 गाड़ियों से दो दर्जन साथियों के साथ गायत्री स्टेट पहुंचा और वृद्ध दंपति माता पिता के साथ मारपीट कर उनका अपहरण कर ले गए। वृद्ध दंपति के अपहरण की सूचना पर पुलिस गायत्री स्टेट पहुंची। पूरे मेरठ की पुलिस अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुट गई। अपने आपको घिरता दिखने पर अपहरणकर्ता दंपति को जेल चुंगी पर छोड़कर भाग गए। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने रविशंकर व उसके एक साथी को हिरासत में ले लिया।
देर शाम दंपति को उनके परिजन थाने लेकर पहुंचे तो चमन सिंह ने पुलिस को बताया कि रविशंकर व उसके साथियों ने पहले बीयर पी और मकान में तोड़फोड़ की उसके बाद उसने मेरी कनपटी पर पिस्टल लगाई और गाड़ी में डालकर ले गए। घर की नेमप्लेट भी तोड़ दी गई। रविशंकर के एक साथी पर चाकू था। इंस्पेक्टर रामफल सिंह का कहना है कि रविशंकर और उसके साथी से पूछताछ की जा रही है।
विवाहिता पर जानलेवा हमला कमरे में बनाया बंधक
मेरठ: नौंचदी थाना क्षेत्र कैलाशपुरी में ससुरालियों ने एक विवाहिता को कमरे में बंद कर जान से मारने का प्रयास किया गया। ससुर देवर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज किया है। कैलाशपुरी निवासी अंशु शर्मा की शादी आशु शर्मा से हुई थी। अंशु ने थाना नौचंदी थाने पर तहरीर दी थी कि उसे उसके ससुरालियों ने कई बार उसके साथ मारपीट की।
पति भी रोज मारपीट करता है। उसे सभी ने कमरे में बंद कर दिया और उसका गला घोंटकर जान से मारने का प्रयास किया गया। ससुर और देवर ने उसके कपड़े फाड़कर अश्लील हरकत की। किसी तरह वह बचकर अपनी ससुराल से मायके पहुंची। विवाहिता और उसके परिजनों ने नौचंदी थाने पर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने ससुरालियों पर गंभीर धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
फायरिंग करने वाले की निशानदेही पर तमंचा बरामद
मेरठ: मेडिकल थाना क्षेत्र सीसीएसयू विश्वविद्यालय में गत दिनों फायरिंग करने वाले एक बदमाश एकांश पाल उर्फ बाबू बक्सर को मेडिकल पुलिस ने धर दबोचा था। बाबू बक्सर पर आधा दर्जन से ज्यादा अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट से रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर तमंचा बरामद किया है।
गत दिनों कैम्पस विश्वविद्यालय में दो गुटों के बीच मारपीट फायरिंग की घटना हुई थी। जिसमें बाबू बक्सर गुट ने दूसरे गुट पर फायरिंग कर दी थी। मेडिकल पुलिस ने बाबू बक्सर को कुछ दिनों पहले गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने कोर्ट से रिमांड पर लेकर आरोपी बाबू बक्सर की निशानदेही पर एक तमंचा बरामद किया है। बाबू बक्सर ने कई बार कैम्पस में छात्रों के गुट के साथ जाकर फायरिंग की थी।

