जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: अमरनाथ यात्रा के दौरान सोमवार सुबह जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले के चंदरकोट लंगर स्थल के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। कश्मीर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं के काफिले में शामिल दो बसों और एक कार की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में अमरनाथ यात्रियों समेत कुल 18 लोग घायल हो गए।
अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 7:20 बजे हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि काफिले में चल रही एक बस के ब्रेक फेल हो गए, जिसके बाद वह आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। टक्कर के बाद एक अन्य बस और एक कार भी इसकी चपेट में आ गई, जिससे तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
जिला अस्पताल रामबन के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. सुदर्शन सिंह कटोच ने बताया कि अस्पताल में कुल 18 घायलों को लाया गया था। सभी को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी हालत सामान्य पाए जाने पर छुट्टी दे दी गई।
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। हालांकि राहत और बचाव कार्य पूरा होने के बाद यातायात बहाल कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा पर जा रहे सभी वाहन चालकों से सावधानी बरतने, वाहन की तकनीकी जांच सुनिश्चित करने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है, ताकि यात्रा सुरक्षित और निर्बाध रूप से जारी रह सके।

