जनवाणी संवाददाता |
पथरी: ग्राम पंचायत टिहरी डोबनगर में क्षेत्रीय विधायक स्वामी यतीश्वरानंद द्वारा सामुदायिक केंद्र और पंचायत घर के प्रांगण में गार्डन का उद्घाटन किया गया।
पथरी टिहरी डोबनगर में पंचायत द्वारा ग्राम प्रधान सुनीता बलवंत पंवार द्वारा सामुदायिक केंद्र पंचायत भवन और आंगन में गार्डन का कार्य पंचायत निधि से कराया गया, जिसका उद्घाटन रविवार को विधायक ने रिबन काटकर किया। वहीं, विधायक निधि से टाइलें लगवाने का शुभारंभ भी किया गया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि ऐसे गार्डन प्रत्येक पंचायत में प्रधानों द्वारा बनवाए जाने चाहिए, जिससे वातावरण सही रहे। उन्होंने सराहना करते हुए कहा कि प्रधान द्वारा बहुत अच्छा कार्य किया गया है। गांववासी अब इसका रखरखाव सही तरह से करें।विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा है कि ग्रामीण अंचल का तेजी से विकास कराना ही उनकी प्राथमिकता है जो भी विकास कार्य संबंधित प्रस्ताव ग्रामीणों की ओर से उनके पास आ रहे हैं वह उन पर गंभीरतापूर्वक विचार कर अमल करा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि विकास को लेकर धन की कमी आड़े नहीं आएगी।

ग्राम प्रधान ने बताया कि दूरदर्शन चैनल ने ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों की डॉक्यूमेंट्री बनाने के लिए सम्पर्क किया है। जल्दी ही वह डॉक्यूमेंट्री बनाने के लिए गांव पहुंचे। ग्राम प्रधान सुनीता बलवंत पंवार ने सभी का स्वागत किया। इस मौके पर हुकम रावत, दीपक रावत, रवि गुसाई, पूरण सिंह राणा, उत्तम रावत,राजपाल, बारू सिंह, अंकित चौहान आदि ग्रामवासी मौजूद रहे।

