- परिजनों में मचा कोहराम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
- पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर की घटना की जांच पड़ताल
जनवाणी संवाददाता |
सरूरपुर: क्षेत्र के मैनापूठी के जंगलों से आरएसएस कार्यकर्ता छात्र का गोली लगा शव मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। मामला आरएसएस से जुड़ा होने व घरेलू बैक ग्राउंड ठीकठाक होने के चलते इसको हाइप्रोफाइल माना जा रहा है। वारदात हत्या की है या आत्महत्या की, इसको लेकर पुलिस अभी कुछ भी कहने से कन्नी काट रही है। दोनों ही लाइनों पर जांच की बात पुलिस कह रही है।
एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की सही वजह पता चल सकेगी। वैसे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या लग रहा है। यह भी पता चला है कि मृतक परिवार का इकलौता पुत्र था। वहीं, इकलौते पुत्र का गोली लगा शव मिलने की सूचना पर परिवार वालों में कोहराम मच गया। देर रात तक पुलिस और फोरेंसिक की टीम मौके पर घटना की छानबीन के लिए जुटी हुई थी।
मंगलवार देर शाम लगभग 8 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मैनापूठी गांव के जंगल में एक युवक का गोली लगा हुआ शव पड़ा है। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। जहां ईख के खेत की डोल पर एक शव पड़ा हुआ मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जमा हो गए। मृतक की शिनाख्त उत्तम (18) पुत्र मनोज निवासी मैनापूठी के रूप में की गई। उत्तम का शव गोली लगा हुआ पड़ा मिला है और भेजा उड़ा हुआ था। मौके पर तमंचा भी बरामद हुआ है। सीओ सरधना संजय जायसवाल भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जांच पड़ताल कर ग्रामीणों से बातचीत की।

प्रभारी निरीक्षक अखिलेश गौड़ ने बताया कि उत्तम अपने पिता मनोज का इकलौता बेटा था तथा सरधना के द्रौण पब्लिक स्कूल में 12वीं का छात्र था। उत्तम की दो बहनें संजना और शिवानी है। दोनों बहनों के इकलौते भाई की मौत से मां नीरज और पिता मनोज का भी रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ था। फिलहाल पुलिस इस मामले में हत्या और आत्महत्या के मामले को लेकर छानबीन में जुटी हुई है। जानकारी में अभी सामने आया है कि उत्तम आरएसएस का शाखा खंड शिक्षक प्रमुख भी था।
क्या बोले-अधिकारी
घटना के संबंध में सीओ सरधना संजय जायसवाल ने बातचीत के दौरान बताया कि प्रथम दृष्टया सुसाइड का मामला लग रहा है। सीओ के मुताबिक युवक ने खड़े होकर खुद को पहले गोली मारी और फिर तमंचा बराबर में रखा। जिसके बाद वहीं भेजा उड़ने के कारण ढेर हो गया। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश गौड़ ने बताया कि युवक के कुछ मानसिक परेशानी में चल रहा था तथा परिजनों के मुताबिक इसका उपचार भी चल रहा है। इसे लेकर वह डिप्रेशन में था प्रथम दृष्टा सुसाइड का मामला प्रतीत हो रहा है। उधर, एसपी देहात कमलेश बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण पता चल सकेगा। प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लगता है।
क्या बोले-परिजन
वहीं, दूसरी और उत्तम के परिवार वालों ने किसी रंजिश से साफ इनकार किया है। उत्तम के पिता और चाचा का कहना है कि किसी से कोई रंजिश नहीं थी और उनका इकलौता बेटा होनहार और 12वीं का छात्र था।

