जनवाणी ब्यूरो |
मुजफ्फरनगर: शहर के प्रतिष्ठित जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल में शनिवार को नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए एक विशेष पूल पार्टी का आयोजन किया गया। यह आयोजन स्कूल परिसर में ही बने स्विमिंग पूल में किया गया, जहां नर्सरी से दूसरी कक्षा तक के विद्यार्थियों ने ठंडे पानी में खूब मस्ती की।
संगीत की मधुर धुनों के बीच बच्चों ने अपने शिक्षकों के साथ मिलकर पानी में खेलकूद का आनंद लिया। तैराकी के बाद बच्चों ने अपनी कक्षाओं में फल, जूस और अन्य स्वादिष्ट खाद्य पदार्थों का सेवन करते हुए एक पिकनिक जैसे वातावरण का लुत्फ उठाया।
गतिविधियां बच्चों के मानसिक व शारीरिक विकास में सहायक
इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. ऋचा तिवारी दीवान ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के मानसिक व शारीरिक विकास में सहायक होती हैं। उन्होंने कहा कि “ऐसी क्रियाएं न केवल बच्चों को प्रसन्नचित्त रखती हैं, बल्कि उनके भीतर ऊर्जा और रचनात्मकता का भी संचार करती हैं।” कार्यक्रम को लेकर छात्रों के अभिभावकों में भी उत्साह देखा गया। उन्होंने स्कूल प्रशासन द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के समग्र विकास के लिए इस प्रकार की रचनात्मक पहल अत्यंत सराहनीय है।

