- सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी चोरी कर ले गए चोर
- आदर्श मंडी थाना पुलिस ने लिया घटना स्थल का जायजा
जनवाणी संवाददाता |
शामली: शहर में एसटी तिराहे पुलिस चौकी के निकट एक गोदाम के ताले तोड़कर चोरों ने बाइक व अन्य वाहनों के पुराने स्पेयर पार्ट्स और स्क्रेप चोरी कर ली। इतना ही नहीं चोरों ने वहां लगे सीसी टीवी कैमरे और डीवीआर भी चोरी कर ली। चोरी हुए पार्ट्स और स्क्रेप की कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है। सूचना पर थाना आदर्शमंडी प्रभारी समेत पुलिस बल वहां पहुंचा तथा घटनास्थल का जायजा लिया।
आदर्श मंडी थाने की एसटी तिराहा चौकी के कुछ दूर सहारनपुर रोड पर सीआरएल कार्यालय से पहले एक गोदाम हैं। गोदाम के मालिक शहर के मोहल्ला नंनूपुरा निवासी शमीम पुत्र सेदुल्लाह ने बताया कि उसने आदर्श मंडी और शामली कोतवाली से नीलामी के बाद करीब 13 लाख रुपए के पुराने वाहन लिए थे और यहां गोदाम में रखे थे। काफी दिनों से उक्त वाहनों के स्पेयर पार्ट्स और स्क्रेप को अलग-अलग करने का कार्य किया जा रहा था। जिनमें से करीब 3 लाख रुपए का सामन तो बेच दिया गया, जबकि अन्य सामान अभी भी रखा हुआ था।
शनिवार की रात में चोरों ने गोदाम के ताले तोड़कर वहां से एलपीजी कटर, 12 आक्सीजन सिलेंडर, पम्प क्रेन मशीन, कंप्रेशर, हैड, इंजन, एल्यूमीनियम व बड़े वाहनों के रिम धुरे सहित पुराने स्पेयर पार्टस व स्क्रेप चोरी कर ली। इतना ही नहीं चोरों ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे व डीवीआर भी चोरी कर ली। चोरी किए सामान की कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है। वहीं चोरी की सूचना पर थाना आदर्शमंडी थाना प्रभारी अवनीश कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और घटना का जायजा लिया। थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

