- समझौता होने पर बैरंग लौट गई पुलिस, बिना पोस्टमार्टम शव का दाह संस्कार
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: थाना क्षेत्र के गांव मंदवाडी में करंट की चपेट में आकर विवाहिता की मौके पर मौत हो गई। मयके वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई लेकिन दोनों पक्षों के बीच कोई कानूनी कार्यवाही न कराए जाने की सहमति बनने पर पुलिस बैरंग लौट गई। बिना पोस्टमार्टम कराए शव का दाह संस्कार कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक गांव मन्दवाडी निवासी कुलदीप के घर अगले माह उसकी बहन की शादी का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस शादी के मद्देनजर घर में पुताई का कार्य चल रहा था। पुताई के लिए बिजली के तार हटाकर अलग रखे गए थे।रात को किसी समय बिजली का करंट प्रवाहित तार रोलिंग से लग गया।
रात को जब कुलदीप की पत्नी सुनीता लघुशंका के लिए उठी तो वह करंट की चपेट में आ गई। उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना की जानकारी परिजनों को सवेरे 5 बजे हुई। मृतका के शव को देखकर उनके होश उड़ गए।कुलदीप के परिजनों ने तत्काल मृतका के मायके वालों को घटना की सूचना दे दी।
बताया गया है कि मयके वालों ने अपनी मौजूदगी में शव का दाह संस्कार कराए जाने के इरादे से पुलिस को मौके पर भेज दिया। गांव में दोनों पक्षों की पंचायत हुई जिसमें मृतका के बच्चों के नाम संपत्ति किए जाने शर्त पर पुलिस कार्यवाही न कराने की सहमति बन गई। दोनों पक्षों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिसके चलते पुलिस बैरंग लौट आई। इस मामले में कोई कानूनी कार्यवाही नहीं की गई है। परिजनों ने मृतका का बिना पोस्टमार्टम कराए दाह संस्कार कर दिया।

