जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तेल कंपनियों ने बीते एक सप्ताह में चौथी बार ईंधन के दाम बढ़ाए हैं, जिससे आम लोगों की चिंता बढ़ गई है।
लखनऊ में पेट्रोल की कीमत?
ताजा बढ़ोतरी के बाद लखनऊ में पेट्रोल की कीमत 99.28 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.64 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। जानकारी के अनुसार, पेट्रोल के दाम में 86 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई है।
लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। बीते एक सप्ताह में पेट्रोल और डीजल के दाम करीब पांच रुपये तक बढ़ चुके हैं। इसका असर परिवहन खर्च पर पड़ने की संभावना है, जिससे रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं भी महंगी हो सकती हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति का असर घरेलू ईंधन कीमतों पर पड़ रहा है। वहीं, लगातार हो रही बढ़ोतरी से वाहन चालकों और व्यापारियों में नाराजगी देखी जा रही है।

