जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने परिक्षेत्र के तीनों जनपदों के जनपद प्रभारियों एवं समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ ऑनलाइन गोष्ठी आयोजित कर आगामी पर्वों को लेकर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की।गोष्ठी के दौरान डीआईजी ने ज्येष्ठ गंगा दशहरा, ईद-उल-जुहा एवं श्रावण कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सभी जनपदों में की जा रही व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा त्योहारों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।इसके साथ ही प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं सतर्क गश्त व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए, ताकि पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।बैठक में परिक्षेत्र के तीनों जनपदों में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान की भी समीक्षा की गई।
डीआईजी अभिषेक सिंह ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।

