- जमीयत उलेमा ए हिंद देवबंद यूनिट के बैनर तले निकाला गया जुलूस, रिजवी मुदार्बाद के लगे नारे
- वसीम रिजवी अल्लाह का मुजरिम उसका गुनाह माफी के काबिल नहीं : मौलाना जहूर
जनवाणी संवाददाता |
देवबन्द: शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी द्वारा कुरआन करीम के सम्बंध में सुर्पीम कोर्ट में याचिका दायर किए जाने का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। शुक्रवार को जमीयत उलेमा ए हिंद देवबंद यूनिट ने जुलूस निकालते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित कर रिजवी के खिलाफ कानूनी कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जमीयत उलेमा ए हिंद देवबंद यूनिट के आहवान पर शुक्रवार को जुमा की नमाज के बाद नगर के इस्लामिया बाजार में भारी संख्या में लोग एकत्रित हुए और वसीम रिजवी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में ईदगाह मैदान पहुंचे। इस दौरान जमीयत उलेमा ए हिंद के जिला सहारनपुर अध्यक्ष मौलाना जहूर अहमद ने कहा कि कुरआन करीम अल्लाह का कलाम है।
इसमें बदलाव की मांग करने वाला सीधे तौर पर अल्लाह का मुजरिम है। जिसे बख्शा नहीं जा सकता। जिला महासचिव जहीन अहमद ने कहा कि देश का संविधान किसी को भी किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत करने की इजाजत नहीं देता है। वसीम रिजवी जैसे लोग साजिश के तहत देश का माहौल खराब करना चाहते हैं। ऐसे लोगों की जगह सिर्फ और सिर्फ सलाखों के पीछे है।
देवबंद तहसील अध्यक्ष मौलाना इरफान, महासचिव कारी दिलशाद और मौलाना शमशाद कासमी ने भी अपने विचार व्यक्त किए और सभी लोगों से कुरआन की शिक्षा पर अमल करने का आहवान किया। संचालन मौलाना महमूद ने किया।
इसके उपरांत जमीयत पदाधिकारियों ने महामहिम राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन पुलिस क्षेत्राधिकारी रजनीश उपाध्याय को सौंपा। इस दौरान कारी जाकिर, फहीम नम्बरदार, शाहनवाज मलिक, सादिक चौधरी, अंसार मसूदी, पप्पू प्रधान, नजम उस्मानी, मोहम्मद जाहिद, हारिस सैयद, हाफिज असजद, फैजी सिद्दीकी, अहमद गोड समेत सैंकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

