नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरा देश जश्न में डूबा हुआ है। बॉलीवुड से लेकर टीवी इंडस्ट्री तक हर कोई टीम इंडिया की इस जीत पर बधाई दे रहा है। अभिनेता राघव जुयाल भी इस ऐतिहासिक लम्हे के गवाह बने। उन्होंने दुबई में बैठकर भारत की जीत को लाइव देखा। जीत के बाद राघव बेहद उत्साहित दिखे और सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की।
राघव ने इस पल को बताया यादगार
भारत के फाइनल में जीत के बाद अपनी खुशी जाहिर करते हुए राघव ने इस पल को यादगार बताया। इस दौरान एएनआई से बात करते हुए राघव ने कहा, ‘आज बहुत अच्छा लगा। मैं अपने बच्चों को बताऊंगा कि मैं यह शानदार मैच देखने आया था। बिल्कुल कमाल हो गया।’ इस दौरान राघव के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी। वो काफी उत्साहित नजर आए।
भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया
रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। यह नौवीं बार है जब भारत ने एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की है। भारत की इस जीत के हीरो स्पिनर कुलदीप यादव और बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा रहे।
‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में हुई राघव की तारीफ
राघव जुयाल हाल ही में आर्यन खान के पहले शो ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में नजर आए थे। इस सीरीज में उन्होंने लक्ष्य लालवानी के दोस्त का किरदार निभाया है। सीरीज में राघव के काम की काफी तारीफ भी हुई है। इसके अलावा राघव साउथ स्टार नानी की आगामी फिल्म ‘द पैराडाइज’ में अहम भूमिका में नजर आएंगे।

