जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने छह और प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने वाराणसी, मेरठ, झांसी, आगरा और गोरखपुर-फैजाबाद समेत छह सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। इन छह नामों के साथ ही भाजपा ने सभी 11 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा पूरी कर दी है।
BJP releases a list of candidates for MLC elections in Bihar and Uttar Pradesh. https://t.co/tUolvdcwlf
— ANI (@ANI) September 29, 2026
भाजपा ने इन छह नेताओं को बनाया उम्मीदवार
भाजपा की ओर से घोषित छह प्रत्याशियों में अलग-अलग स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार शामिल हैं।
- वाराणसी स्नातक क्षेत्र – केदार नाथ सिंह
- मेरठ स्नातक क्षेत्र – दिनेश गोयल
- इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र – अशोक कुमार राठौर
- वाराणसी शिक्षक क्षेत्र – डॉ. प्रमोद मिश्रा
- आगरा शिक्षक क्षेत्र – इंजीनियर हरि किशोर तिवारी
- गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक क्षेत्र – ध्रुव त्रिपाठी
इससे पहले भाजपा पांच सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी थी। अब छह और उम्मीदवारों के ऐलान के बाद विधान परिषद की सभी 11 सीटों के लिए पार्टी की ओर से प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो गई है।
23 अक्टूबर को होगा मतदान
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी हो चुका है। चुनाव को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी समेत राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकेंगे।
इसके बाद 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।
11 सीटों पर मुकाबले की तस्वीर साफ
भाजपा की ओर से सभी 11 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा के बाद अब चुनावी मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट हो गई है। इन सीटों में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटें शामिल हैं।
विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवारों के चयन के बाद अब राजनीतिक दलों का फोकस चुनाव प्रचार और मतदाताओं से संपर्क पर रहेगा। आने वाले दिनों में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

