- चुराते समय सीसीटीवी में कैद हुआ सिपाही
जनवाणी संवाददाता |
नहटौर: पीर की चुंगी के निकट एक फल व्यापारी की दुकान से कस्बे के एक सिपाही सेब की पेटी चुरा कर ले गया। चुराते समय वह सीसीटीवी में कैद हो गया। जिसकी शिकायत पुलिस से की गई हैं। मामले में पुलिस अधीक्षक ने उसे निलंबित कर मामले की जांच सीओ धामपुर को सौंप दी।
नहटौर की पीर की चुंगी के निकट मोहल्ला अफगनान निवासी कफील अहमद की फल की थोक की दुकान है। गुरुवार की सुबह करीब 3 बजे एक सिपाही दुकान में घुसा और सेब की पेटी उठा कर ले गया। सुबह को पेटी गायब होने पर फल व्यापारी को पता चला। तो दुकानदार ने दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। तो एक सिपाही पेटी चुराते हुए साफ नजर आ रहा है। जिसके बाद फुटेज को निकाला गया। मौके पर पुलिस ने जाकर जानकारी ली है।
कोतवाल जय कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया गया है।
वहीं एसपी डा. धर्मवीर सिंह ने बताया कि सेब की पेटी ले जाने के मामले में आरक्षी दिनेश कुमार चाहल को निलंबित कर दिया गया है और क्षेत्रीय सीओ को मामले की जांच सौंप दी गई है।

