- हादसे में एक दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मी घायल
- ट्रक लेकर भाग रहे चालक को कंकरखेड़ा क्षेत्र में पकड़ा
- घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: रविवार की रात मेरठ-करनाल हाइवे पर गश्त कर रही पुलिस की जीप में तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे पुलिस जीप नाले में जा गिरी। हादसे में एक दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही ट्रक लेकर भाग रहे चालक को कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में पकड़ लिया। सूचना मिलने पर अधिकारी घायल पुलिस कर्मियों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे।
रविवार की रात सरधना थाने की सेकंड मोबाइल पुलिस जीप मेरठ-करनाल हाईवे पर गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस जीप जैसे ही दबथुवा गांव के निकट पहुंची तो शामली की ओर आए रेलवे के समान से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने जीप में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे जीप नाले में जा गिरी। हादसे में जीप चालक सचिन कुमार, दारोगा हुनैफ मिर्जा व एक अन्य सिपाही नीरज गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायलों को उपचार के लिए कंकरखेड़ा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
वहीं, ट्रक लेकर भाग रहे चालक को पुलिस ने घेराबंदी करके कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में दबोच लिया। सूचना मिलने पर सीओ संजय जायसवाल व इंस्पेक्टर प्रताप सिंह अस्पताल में घायल पुलिस कर्मियों का हाल जानने पहुंचे। इस संबंध में सीओ संजय जायसवाल का कहना है कि ट्रक ने पुलिस के में टक्कर मारी है। जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
कांवड़ यात्रा के लिए हाइवे पर तैयारी में जुटे अधिकारी
मोदीपुरम: हाइवे पर कांवड़ यात्रा की तैयारी के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में है। हर वर्ष इस यात्रा को सकुशल करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैयारी में जुट जाते हैं। इस बार भी इस यात्रा को सकुशल करने के लिए अधिकारी तैयारी में जुड़ गए हैं। रविवार को हाईवे पर जहां अधिकारियों द्वारा तैयारी को परखा गया। वहीं, हाईवे पर लगी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने के लिए टोलवे कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। हाईवे पर खुले अवैध कटों को भी बंद करने के लिए कहा गया है। इस बार हाईवे पर जगह सीसीटीवी कैमरे की देखरेख में शिवभक्त गुजरेंगे।
इस बार सुरक्षा के लिहाज से हाइवे पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल के साथ पीएसी बाल भी तैनात होगा। ड्रोन के माध्यम से भी शिवभक्तों की सुरक्षा की जाएगी। परतापुर से लेकर भंगेला चेकपोस्ट तक हाईवे पर पड़ने वाले थाने के थानेदारों को अधिकारियों द्वारा विशेष निर्देश दिए गए हैं कि इस बार कोई भी सुरक्षा में चूक नहीं होनी चाहिए। 24 घंटे हाईवे की सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त होने चाहिए। उधर, कांवड़ यात्रा के दौरान टोल प्लाजा भी पूर्ण रूप से फ्री कर दिया जाएगा। इसको लेकर भी कंपनी द्वारा तैयारियां की जा रही है। पुलिस अधिकारियों द्वारा टोलवे कंपनियों के अधिकारी के साथ बातचीत की जा रही है।

