- मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस धूमधाम से मनाया
जनवाणी संवाददाता |
शामली: शहर के बीएसएम स्कूल में हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का जन्मदिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान स्कूल की स्पोट्स एकेडमी में विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया।
सोमवार को बीएसएम स्कूल में प्रात: प्रार्थना सभा में प्रधानाचार्य राहुल चौधरी ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। उसके बाद छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मेजर ध्यानचंद दुनियाभर में हाकी के जादूगर के नाम से प्रसिद्ध हैं, वह एक दिग्गज खिलाड़ी थे। उन्होंने देश को ओलंपिक खेलों में हाकी में लगातार तीन स्वर्ण पदक दिलवाकर भारत का नाम विश्व पटल पर सुनहरे शब्दों में अंकित किया। अध्यापक रजत निर्वाल ने मेजर ध्यानचंद के बारे में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को बताया कि आज भारतीय खेल जगत में जो प्रगति दिखाई दे रही है उसका एकमात्र श्रेय मेजर ध्यानचंद को जाता है। छात्र नियोवीर ने मेजर ध्यानचंद का जीवन परिचय देते हुए क्विज के माध्यम से उनसे संबंधित प्रश्न पूछे।
स्कूल प्रबंध समिति के चेयरमैन सूर्यवीर सिंह व मैनेजर छाया सिंह ने खेल दिवस की बधाई देते हुए कहा कि एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है। जिसका अर्थ है कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए सफलता प्राप्त करने हेतु तंदुरुस्त शरीर के साथ एक स्वस्थ मन का होना अति आवश्यक है। इस अवसर पर बीएसएम स्पोर्ट्स एकेडमी में फुटबॉल, क्रिकेट, टेबल-टेनिस, खो-खो, बैडमिंटन, तीरंदाजी आदि खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। आयोजन में क्रीड़ा विभाग के विनय शर्मा तथा अध्यापकों का सहयोग रहा।

