जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दिल्ली कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे एक अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूछताछ की जा रही है। ईडी ने उन्हें कथित तौर पर इस ऐप से जुड़ी गतिविधियों और विज्ञापन अभियानों में उनकी भूमिका के सिलसिले में तलब किया था।
एजेंसी, इस मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत सुरेश रैना का बयान दर्ज कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, रैना का नाम उन सेलिब्रिटीज की लिस्ट में सामने आया है जिन्होंने कुछ ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म्स का प्रचार किया था। ये ऐप्स आम जनता को आकर्षित करने के लिए बड़े-बड़े सितारों का इस्तेमाल कर रहे थे और इसी के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी और कर चोरी को अंजाम दिया गया।
ईडी की जांच में यह बात भी सामने आई है कि ये प्लेटफॉर्म खुद को “स्किल-बेस्ड गेमिंग” बताकर भारतीय कानून की आंखों में धूल झोंकते हैं, जबकि उनके अंदर का सिस्टम फर्जी एल्गोरिद्म के जरिए सट्टेबाजी को बढ़ावा देता है। कई मामलों में देखा गया है कि विज्ञापनों में दिए गए QR कोड सीधे इन गैरकानूनी साइटों तक पहुंचाते हैं, जो कानून का सीधा उल्लंघन है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में ईडी अब तक कई बॉलीवुड कलाकारों और खिलाड़ियों से पूछताछ कर चुकी है। माना जा रहा है कि रैना की पूछताछ से इस गोरखधंधे के नेटवर्क को और बेहतर समझा जा सकेगा।
क्रिकेट के ‘मिस्टर आईपीएल’
सुरेश रैना का क्रिकेट करियर शानदार रहा है। उन्होंने भारत के लिए कुल 322 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और करीब 8000 रन बनाए। वह तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे, टी20) में शतक लगाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर हैं। आईपीएल में भी रैना का जलवा कायम रहा — 205 मैचों में 5528 रन बनाकर उन्हें ‘मिस्टर आईपीएल’ का खिताब मिला। चेन्नई सुपर किंग्स को चार बार आईपीएल ट्रॉफी दिलाने में उनकी अहम भूमिका रही।
हालांकि, इस नए विवाद ने उनके चमकते करियर पर सवालिया निशान लगा दिया है। अब देखना होगा कि ईडी की जांच में रैना का पक्ष क्या होता है और आगे इस मामले में क्या मोड़ आता है।

