जनवाणी ब्यूरो |
मोदीपुरम: दिल्ली-दून हाईवे स्थित सिवाया गांव में जन स्मॉल फाइनेंस बैंक की शाखा में बदमाशों ने पिछली दीवार में कुंबल कर चोरी का प्रयास किया। हालांकि, बदमाश बैंक के अंदर प्रवेश कर चोरी करने में सफल नहीं हो सके। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
बैंक के शाखा प्रबंधक वीर प्रताप सिंह ने बताया कि सुबह बैंक खुलने पर कर्मचारियों को पीछे की दीवार टूटी हुई दिखाई दी। जांच करने पर पता चला कि रात के समय बदमाशों ने बैंक की पिछली दीवार में कुंबल कर अंदर घुसने का प्रयास किया था। हालांकि, वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए। बैंक से कोई नकदी या सामान चोरी नहीं हुआ है और बैंक पूरी तरह सुरक्षित है।घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी सहित थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

