- पीड़ित का कहना है कि उसे अपनी जान का खतरा, आज पीड़ित एसएसपी से मिलेगा
जनवाणी संवाददाता |
कंकरखेड़ा: थाना क्षेत्र के गांव पावली खुर्द में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के तीन शूटर ने पिछले वर्ष मई में घर में घुसकर एलएलबी के छात्र प्रयाग की गोलियों से दिनदहाड़े भूनकर हत्या कर दी थी। घटना का मुख्य गवाह मृतक का पिता निरंकार है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर की वजह से पीड़ित बेटे की हत्या में गवाही देने के लिए कचहरी में नहीं जा रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि उसे अपनी जान का खतरा है। आज पीड़ित एसएसपी से मिलेगा।
खिर्वा रोड स्थित पावली खुर्द गांव निवासी निरंकार ने बताया कि उसके गांव के हिस्ट्रीशीटर सनी काकरान से उसकी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। जिसको लेकर हत्यारोपी आए दिन पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देता था। पीड़ित के अनुसार उसका लगभग 24 वर्षीय बेटा प्रयाग एलएलबी का छात्र था। 20 में 2023 को उसका बेटा सुबह के समय घर पर मौजूद था। इसी बीच मुख्य आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर सनी काकरान, अतुल जाट, नसरुद्दीन, अवनीश, संदीप सहित अन्य बदमाश जबरन घर में घुस गए थे।
जिसके बाद बदमाशों ने ताबड़तोड़ 50 राउंड से अधिक फायरिंग की थी। जिसमें गोलियां लगने से पीड़ित के बेटे प्रयाग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने सनी काकरान सहित आठ के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया था। जिसके बाद आरोपियों की तलाश में पुलिस लग गई थी, लेकिन मुख्य आरोपियों ने हरियाणा में सरेंडर कर दिया था। घटना का मुख्य गवाह मृतक का पिता था।
पीड़ित दो तारीखों पर न्यायालय में पेश नहीं हुआ है। पीड़ित का कहना है कि गवाही के लिए थाना पुलिस उसके साथ जाती थी, लेकिन पिछली दो तारीख से थाना पुलिस उसके साथ नहीं जा रही है। जिस कारण पीड़ित को अपनी जान का खतरा सता रहा है। वही उसकी पुलिस सुरक्षा भी कम कर दी गई है। पीड़ित के अनुसार वह आज एसएसपी डा. विपिन टाडा से मिलेगा। एसएसपी का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा।
अवैध पटाखों के गोदाम पर एसपी देहात ने मारा छापा
रोहटा: शुक्रवार की देर शाम अवैध पटाखे बिक्री की सूचना पर रोहटा में स्थित पटाखे गोदाम पर एसपी सिटी के आदेश पर पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने जांच पड़ताल करके फिलहाल गोदाम में रखे माल को अपनी सुपुर्दगी में ले लिया है। रोहटा स्थिति जेएसस कॉरपोरेशन कंपनी के गोदाम पर छापा मारा मौके पर टीम को ग्रीन पटाखे और विस्फोटक सामग्री रखी हुई मिली। घंटों तक गोदाम के अंदर पुलिस टीम ने जांच पड़ताल की सूचना पाकर बाद में एसपी देहात राकेश मिश्रा व सीओ सिविल लाइन सुचिता सिंह भी मौके पर पहुंची और गोदाम के अंदर रखे पटाखों की बारीकी से जांच-पड़ताल की।
एसपी देहात ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि ग्रीन पटाखे की आड़ में अवैध पटाखे व विस्फोटक सामग्री बेची जा रही है। मौके पर कुछ भी स्पष्ट नहीं मिल पाया है। बाकी अन्य जांच-पड़ताल के लिए फिलहाल एक रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजे जा रही है। सूत्रों ने बताया कि मौके पर पुलिस को ग्रीन पटाखों के अलावा अवैध पटाखा सामग्री और विस्फोटक सामग्री भी मिली है। वहीं, दूसरी ओर इस संबंध में थानाध्यक्ष रोहटा देवेंद्र गौतम ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की गई है और फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। गोदाम पर रखे माल को पुलिस ने सुपुर्दगी में लेते हुए रिपोर्ट बनाकर भेज दी है। वहीं, छापेमारी के बाद में देर शाम तहसीलदार और प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंची और सुपुर्द की कार्रवाई की।

