- तहसील प्रशासन से मुआवजे देने की अपील की
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: ग्राम सरवनपुर में गन्ने के खेत में आग लगने से तीन किसानों का करीब 16 बीघा गन्ना जल गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कोतवाली मार्ग स्थित ग्राम सरवनपुर में अचानक एक गन्ने के खेत में आग लग गई। आग की लपटें देखकर ग्रामीण खेतों की ओर दौड़ पड़े। तेज हवाओं से आग तेजी से फैलने लगी। ग्रामीणों ने गन्ने में लगी आग को काबू में करने का प्रयास किया।
आग लगने से सरवनपुर निवासी समर सिंह का करीब चार बीघा गन्ना, सालीपुर निवासी फरीद का छह बीघा गन्ना और सरवनपुर निवासी राजकुमार का छह बीघा गन्ना जल गया। सूचना मिलने पर अग्निशमन दल कर्मचारी मौके पर पहुंचे लेकिन पहले ही आग पर काबू पा लिया गया।
पूर्व प्रधान कृष्णदेव, राजकुमार, तेजपाल, शिवराज, समरपाल सहित अनेक ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। राजस्व विभाग को गन्ना जलने की सूचना दी गई। पूर्व प्रधान ने तहसील प्रशासन से पीड़ित किसानों को आग से हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है।

