जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस दूसरे राज्यों में धीरे-धीरे अपना दायदा बढ़ा रही है। विधानसभा चुनाव जीतने के बाद से पार्टी पश्चिम बंगाल में तो भाजपा को एक के बाद एक झटके दे रही है, लेकिन अब टीएमसी ने त्रिपुरा में भी भाजपा के खेमे में सेंध लगा दी है। खबर है कि त्रिपुरा में भाजपा विधायक आशीष दास जल्द ही टीमएसी में शामिल हो सकते हैं। फिलहाल वह कोलकाता में हैं और टीएमसी नेताओं के संपर्क में हैं।
बता दें, प.बंगाल जीतने के बाद से टीएमसी नेता त्रिपुरा का दौरा कर रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में टीएमसी त्रिपुरा में भाजपा को चुनौती दे सकती है।
हाल ही में कांग्रेस छोड़कर टीएमसी में शामिल हुईं सुष्मिता देव को ममता बनर्जी ने त्रिपुरा की जिम्मेदारी सौंपी है। पहले वह कांग्रेस में महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष थीं। टीएमसी में शामिल होने के बाद उन्हें राज्यसभा भेजा गया था।

