- पीईटी परीक्षार्थियों की संख्या परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुमान से रही कहीं अधिक
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: पीईटी परीक्षार्थियों की संख्या परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुमान से कहीं अधिक रही। दो दिन में रोडवेज बसों के जरिये मेरठ आने और यहां से विभिन्न शहरों में पीईटी की परीक्षा देने जाने वालों की संख्या का अनुमान 45 हजार लगाया गया था, जबकि देर रात तक सामने आए आंकड़ों के अनुसार यह संख्या 50 हजार तक पहुंच गई।
एआरएम मेरठ जगदीश सिंह और सोहराब गेट डिपो के वरिष्ठ प्रभारी संजय राणा से मिली जानकारी के अनुसार मेरठ के तीनों डिपो मेरठ, भैंसाली और सोहराब गेट से परिवहन निगम ने शनिवार और रविवार दोनों दिनों के लिए पर्याप्त संख्या में बसों को मार्गों पर उतारते हुए परीक्षार्थियों को लाने-ले जाने के लिए लगाया गया।

इसके अलावा आरएम केके शर्मा की देखरेख और दिशा-निर्देशन में जहां बसों की डिमांड आई, वहां तत्काल व्यवस्था की गई। संजय राणा ने बताया कि सभी बस स्टैंड पर पेयजल और लाइट से लेकर स्वच्छ टायलेट और स्नानागार आदि की व्यवस्था कराई गई है। दोनों दिन परीक्षार्थियों के आवागमन का कार्य व्यवस्थित तरीके से निपट जाने पर अधिकारियों ने संतोष प्रकट किया है।

