- बहन की शादी के लिए हलवाई का सामान खरीदने आया था युवक
जनवाणी संवाददाता|
मेरठ: सदर थाना क्षेत्र के दाल मंडी में बहन की शादी के लिए हलवाई का सामान खरीदने आए युवक की स्कूटी की डिग्गी से करीब दो लाख रुपये किसी ने साफ कर दिए। युवक ने इधर-उधर काफी तलाश भी किया, लेकिन रकम का पता नहीं लगा। सूचना पर सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि वारदात को लेकर अभी तहरीर नहीं दी गयी है।
कोतवाली थाना के इस्माइल नगर निवासी मारुफ की बहन की 28 नवंबर की शादी है। बरातियों की दावत के लिए बुक किए गए हलवाई ने खाने के सामान का पर्चा दिया था।
शनिवार को सामान खरीदने के लिए मारुफ अपने दोस्त व कारोबारी साझीदार शाहरुख के साथ सदर दाल मंडी आया था। उसने बताया कि करीब दो लाख रुपये की रकम व कुछ निमंत्रण पत्र स्कूटी की डिग्गी में रखे थे। सदर दाल मंड़ी में उन्होंने एक स्थान पर स्कूटी खड़ी कर दी और हलवाई का पर्चा लेकर दुकान पर पहुंचा, जहां सारा सामान मिल जाए। उन्हें ऐसी एक दुकान मिल भी गयी, जहां सारा सामान मिल जाए। वहां सामान निकालने की बात कहकर स्कूटी की डिग्गी से रुपये निकालने आए, लेकिन जब उन्होंने स्कूटी की डिग्गी खोली तो उसमें से रुपये गायब थे। डिग्गी में रखे रुपये गायब देखकर मारुफ के होश फाख्ता हो गए। उसने इधर उधर जानकारी मिली।
वो भी परेशान था कि इतनी भीड़ में सदर दाल मंडी जैसे इलाके से स्कूटी से कैश कैसे गायब हो सकता है। बाद में उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस भी पहुंच गयी। मारुफ ने बताया कि इंस्पेक्टर थाना सदर बाजार से बातचीत हुई। उन्होंने बदमाशों की तलाश की बात कही है। पीड़ित युवक ने बताया कि घटना को लेकर वह आज तहरीर देगा। घर पर काम फैला हुआ था और बार-बार फोन भी आ रहा था। इसलिए उसको लौटना पड़ गया। वहीं, दूसरी ओर सदर पुलिस कैश गायब होने की घटना को संदिग्ध मानकर चल रही है। सीसीटीवी में स्कूटी के पास कोई आता जाता नजर नहीं आ रहा है।
सुपरटेक का गोलीबाज प्रॉपर्टी डीलर गिरफ्तार
मेरठ: ब्रह्मपुरी थाना के दिल्ली रोड सुपरटेक के डी ब्लॉक निवासी गोलीबाजी प्रॉपर्टी डीलर मोहित अग्रवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि मोहित अग्रवाल को गिरफ्तार करने में पुलिस को कड़ी मशक्कत और इंतजार करना पड़ा। सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड पर फायरिंग की घटना को अंजाम देकर आरोपी ने खुद को डी ब्लॉक के आठवीं मंजिल पर स्थित अपने फ्लेट में बंद कर लिया। घंटों नॉक करने के बाद भी उसने गेट नहीं खोला।
पुलिस रात भर उसकी पहरेदारी में रही कि कहीं फ्लेट से निकल कर गायब न हो जाए। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि घटना को लेकर मोहित अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर देहलीगेट राजीव शेरावत ने प्रोपर्टी डीलर की गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फायरिंग में प्रयुक्त हथियार की भी जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि उनका लाइसेंस भी निरस्त किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि बीते शुक्रवार की रात को सुपरटेक सोसाइटी के डी ब्लॉक में सिक्योरिटी गार्ड धर्मेंद्र पुत्र राम किशन निवासी सहारनपुर पर गेट पर रोके जाने से नाराज कार सवार प्रॉपर्टी डीलर मोहित अग्रवाल ने फायर झोंक दिये थे। मोहित अग्रवाल के साथ उनका चालक फैज भी मौजूद था। वही गाड़ी ड्राइव कर रहा था। बताया गया है कि पिस्टल लेकर पीछे भाग रहे प्रॉपर्टी डीलर से धर्मेंद्र ने किसी प्रकार झाड़ियों में कूदकर अपनी जान बचायी।

