- पेपर मिल रोड पर हुआ हादसा, एक की हालत गंभीर
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को तेज रफ्तार ट्रक चालक ने अपनी चपेट में ले लिया। पेपर मिल रोड पर हुए इस दर्दनाक हादसे में 2 युवकों की मौत हो जाने से परिजनों में कोहराम मच गया। एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसको चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
जनकपुरी थानाक्षेत्र के दाबकी जुनारदार निवासी 18 वर्षीय अभिषेक पुत्र सुनील,19 वर्षीय अंकित पुत्र पतराम और 19 वर्षीय अनुज पुत्र सुग्गन चंद बीती रात करीब 11 बजे पेपर मिल रोड पर आयोजित विवाह समारोह से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे।
कोतवाली सदर बाजार के पेपर मिल रोड स्थित गीता पंप के पास पहुचते ही तेज रफ़्तार और अनियंत्रित ट्रक चालक ने बाइक सवार तीनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। तीनों युवक हादसे का शिकार हो कर सड़क पर तड़पने लगे और ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर कोतवाली सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवकों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।चिकित्सकों ने जांच के बाद अभिषेक और अंकित को मृत घोषित कर दिया तथा हालात गंभीर होने के कारण अनुज को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इसी दौरान रोते बिलखते परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए।जवान बेटों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम को भिजवा दिया है। ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

