
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ ही मध्य प्रदेश सहित 5 राज्यों में 5 महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा का एजेंडा सेट कर दिया है। पीएम मोदी ने भोपाल से देश में भाजपा के 10 लाख बूथ प्रभारियों को संबोधित करने के साथ-साथ संवाद भी किया। संवाद के दौरान देश के विभिन्न राज्यों के कार्यकर्ताओं ने सवाल किए, जिसके जवाब में उन्होंने यह संदेश दिया कि पार्टी चुनाव में गांव-गरीब और किसान पर फोकस करेगी। मोदी ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि भाजपा तुष्टिकरण का जवाब संतुष्टिकरण से देने की तैयारी से चुनावी मैदान में उतरेगी। दरअसल समान नागरिक संहिता भाजपा का आखिरी प्रमुख अधूरा एजेंडा है , जिसका मतदाताओं से दशकों से वादा किया गया था।