- ऊन बिजलीघर पर तैनात जेई पर लगाए आरोप
जनवाणी संवाददाता |
ऊन: बिजलीघर पर तैनात अवर अभियंता द्वारा छापेमारी के दौरान महिलाओं से दुर्व्यवहार करने से नाराज लोगों ने चौकी पर प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की। बाद में दर्जनों लोगों ने थाना दिवस में पहुंचकर उप जिलाधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
ऊन बिजलीघर पर तैनात अवर अभियंता प्रेम सिंह द्वारा टीम के साथ शनिवार की अलसुबह छापेमारी की गई। आरोप है कि जेई प्रेम सिंह द्वारा कस्बे के मोहल्ला सुभाष नगर में नीरज कुमार पुत्र जयवीर व देवेंद्र पुत्र प्रेमसिंह के घर में घुसकर बाथरूम रसोई व बैडरूम की वीडियो बनानी शुरू कर दी जिस पर घर में उपस्थित महिलाओं ने आपत्ति जाहिर जताई।
इसके बाद जेई ने दुर्व्यवहार कर हाथापाई की। घटना से नाराज लोगों ने ऊन चौकी पर पहुंचकर प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने पर दर्जनों लोगों ने थाना दिवस में पहुंचकर उप जिलाधिकारी मणि अरोरा से जेई की शिकायत कर आरोप लगाया कि जेई छापेमारी की आड़ में अवैध वसूली करता है।
साथ ही, फर्जी मुकदमें दर्ज कराकर जांच कर कार्रवाई की मांग की। बाद में अधिकारियों ने दोनों पक्षों को बुलाकर वार्ता की लेकिन कोई हल नहीं निकल सका। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
बता दें, ऊन बिजलीघर पर तैनात जेई प्रेमसिंह पर पूर्व में भी आरोप लग चुके हैं। कई बार लोगों ने उक्त जेई की शिकायत उच्चाधिकारियों से की है। पुलिस द्वारा भी जेई के खिलाफ रिपोर्ट भेजी गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पाई।

