जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: मैंगो ग्रोवर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में शनिवार को प्रेस क्लब में समाजवादी पार्टी के जासमीर अंसारी के विधान परिषद सदस्य बनने पर स्वागत किया गया। इस मौके पर मैंगो ग्रोवर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय प्रवक्ता सिराज मेहंदी, चेयरमैन इंसराम अली, प्रदेश अध्यक्ष शिवशरण सिंह समेत अन्य लोगों ने जासमीर अंसारी को माला पहनाकर व उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया। बता दें कि विधान परिषद सदस्य जासमीर अंसारी सीतापुर के लहरपुर से बहुजन समाज पार्टी के विधायक रह चुके हैं और उनकी पत्नी कैसर जहां भी यहां से सांसद रह चुकी हैं। दोनों ने विधानसभा चुनाव से पहले सपा का दामन थामा था।
सम्मान समारोह के दौरान विधान परिषद सदस्य जासमीर अंसारी ने कहा कि मैं एक गरीब परिवार से हूं और गरीबों का दर्द जानता हूं। उन्होंने कहा कि मैंने अपने राजनीतिक सफर में केवल इज्जत की दौलत कमाई है। मेरे पास ना पहले एक बिस्वा जमीन थी और ना आज भी एक बिस्वा जमीन है। उन्होंने कहा कि मैं अपने कार्य में धर्म, जाति, बिरादरी नहीं देखता। मैं केवल इंसानियत को मानता हूं और उसी के लिए काम करता चला रहा हूं। उन्होंने कहा मेरा जिला नैमिष के लिए जाना जाता है जिस के विकास के लिए हमने लगातार काम किया है। इस मौके पर जासमीर अंसारी ने पत्रकारों व प्रेस क्लब को पूरा सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। साथ ही जासमीर अंसारी ने प्रेस क्लब में एसी लगवाने की घोषणा भी की।
इस मौके पर पूर्व एमएलसी सिराज मेंहदी, रमेश दीक्षित, पूर्व विधायक बाबू खान, विधायक शेर बहादुर सिंह, अतहर हुसैन समेत अन्य गणमान्यों ने अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम के समापन पर मैंगो ग्रोवर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन इंसराम अली ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर कई वरिष्ठ पत्रकार भी उपस्थित रहे।

