- पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया, दो फरार
जनवाणी ब्यूरो |
कांधला: गांव भभीसा से पुलिस ने एक सूचना पर तीन शराब तस्करों को बड़ी मात्रा में कच्ची शराब और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदाताओं को बांटने के लिए लाई गई दही बूंदी के साथ गिरफ्तार किया है। दो फरार हो गए। सोमवार की रात्रि में कांधला पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के गांव भभीसा में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अवैध कच्ची शराब और दही बुंदी बांटी जा रही है।
जिसके बाद पुलिस ने गांव पहुंचकर मुखबिर के बताए गए स्थान पर छापा मारकर मौके से 60 लीटर कच्ची शराब एक किलो यूरिया व 40 किलो दही बूंदी बरामद की है। पुलिस ने मौके से तीन शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया है, जबकि दो शराब तस्कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए तीनों शराब तस्करों ने अपने नाम योगेश उर्फ भरतू पुत्र चौहल सिंह, रितेश पुत्र महाबीर निवासी भभीसा व अमित पुत्र श्याम सिंह निवासी लिलौन थाना सदर कोतवाली शामली बताया है। अपने फरार साथियों के नाम देवेंद्र पुत्र महावीर व बिजेंद्र पुत्र लहरी निवासी भभीसा बताया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीनों शराब तस्करों को जेल भेज दिया है। पुलिस फरार शराब तस्करों की तलाश कर रहीं है।
बाइक दिलाने के नाम पर 88 हजार ठगे
गांव भभीसा निवासी शिवराज पुत्र राजपाल ने मंगलवार को थाने पर तहरीर देकर बताया कि गांव के ही विक्की पुत्र नरेश ने अपने साथी साहिल व आशिक निवासी साहिबाबाद जनपद गाजियाबाद के साथ मिलकर बाइक दिलाने के नाम पर उससे 88 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित का आरोप है कि तीनों युवक उसे रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहे है।
पीड़ित ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूसरी और कस्बे के ही युवक गुलजार पुत्र नफीस ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि वह कस्बे के दोनों नहरों के बीच स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से रुपये निकालने के लिए गया था।
इसी बीच अज्ञात युवक ने एटीएम बदलकर 22 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित के मोबाइल पर मैसेज आने के बाद पीड़ित को अपने साथ ठगी का पता चला। पीड़ित ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक रोजन्त त्यागी ने बताया कि दोनों पीड़ितों की तहरीर मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जायेगी।

