- हेड क्वार्टर पश्चिम यूपी सब एरिया जीओसी मेजर जनरल अनुपम भागी वाईएसएम, एसएम ने 11 वीरनारियों को किया सम्मानित
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कारगिल युद्ध के 23वें विजय दिवस के उपलक्ष्य में वीर बलिदानियों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए पश्चिम यूपी सब एरिया की ओर से छावनी स्थित चार्जिंग रैम डिवीजन के प्रेरणा स्थल पर समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें हेड क्वार्टर पश्चिम यूपी सब एरिया जीओसी मेजर जनरल अनुपम भागी वाईएसएम, एसएम और स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर राजीव कुमार ने बलिदानियों को सलामी दी। इस मौके पर उन्होंने कारगिल युद्ध के साथ ही विभिन्न आॅपरेशन में बलिदान सैनिकों की वीरनारियों को सम्मानित भी किया।

इस मौके पर पश्चिम यूपी सब एरिया जनरल आफिसर कमांडिंग मेजर जनरल अनुपम भागी ने कारगिल विजय दिवस के दौरान भारतीय सेना के पराक्रम और बलिदान को याद किया। सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल अनुपम भागी ने शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए 11 वीरनारियों को सम्मानित किया।

जिनमें विमलेश देवी पत्नी सैपर सतीश कुमार, बबीता देवी यादव पत्नी लांस नायक अमित कुमार, प्रियंका पत्नी नायक सचिन राठी, नीतू पत्नी नायक राजदीप, ममतेश पत्नी सिपाही कृष्णपाल, हेमलता शर्मा पत्नी हवलदार देवेंद्र शर्मा, प्रियंका पत्नी सिपाही अनुज कुमार, अनीता पत्नी सिपाही सुभाष सिंह, मनजीत कौर पत्नी सिपाही मलकीत सिंह, नीरा देवी पत्नी सिपाही शिवम कुमार, चंचल देवी पत्नी सिपाही अशोक कुमार शामिल रहीं।
इस अवसर पर शहीद सैनिकों के परिजनों से बातचीत करते हुए सब एरिया कमांडर ने कहा कि भारतीय सेना बलिदानियों की वीरांगनाओं के प्रति हमेशा कटिबद्ध है। संगठन उनके सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ा है। जीओसी ने सभी वीरनारियों व उनके स्वजन के साथ बातचीत करते हुए उनकी कुशलक्षेम जानी, और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

इस बीच प्रेरणा स्थल पर सब एरिया कमांडर और स्टेशन कमांडर के अलावा डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर राजीव कुमार, सेवानिवृत्त मेजर जनरल जितेंद्र सिंह, मेजर जनरल वीरेंद्र सिंह, मेजर जनरल एसके सोलंकी, मेजर जनरल बीएस पंवार, मेजर जनरल एसएस अहलावत और ब्रिगेडियर रणबीर सिंह ने पुष्प अर्पित करते हुए शहीदों को सलामी दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पूर्व सैन्य अधिकारी, सैन्य अधिकारी और उनके परिजन मौजूद रहे।

