- युवक पर किशोरी ने शादी का झांसा देकर गर्भवती करने का लगाया आरोप
जनवाणी संवाददाता |
देवबंद: पांच दिन पूर्व सरसों के खेत में पड़ी मिली नवजात बच्ची के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। नगर की ही एक किशोरी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उक्त युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और गर्भवती किया फिर जब उसने बच्ची को जन्म दिया तो आरोपी युवक ने नवजात शिशु को खेत में फेंक आया।
गत 14 फरवरी की सुबह देवबंद निवासी किसान मंजूरा को सांपला रोड स्थित एक सरसों के खेत से दो दिन की नवजात बच्ची मिली थी। किसान ने इसकी सूचना पुलिस को देते हुए नवजात बच्ची को अपने साथ घर ले गया था। इस मामले में शनिवार को एक किशोरी ने कोतवाली में तहरीर दी।
उसने पुलिस को बताया कि दारुल उलूम वक्फ रोड निवासी एक युवक ने उसे शादी का झांसा दिया। इस बीच उनके बीच नजदीकियां बढ़ी और वह गर्भवती हो गई। उसने एक बच्ची को जन्म दिया। उसका प्रेमी उसकी बच्ची को जबरन ले गया और सांपला रोड स्थित एक खेत में फेंक आया और किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी। उसकी बच्ची आज भी एक किसान के पास है।
किशोरी की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया। कोतवाली प्रभारी एचएन सिंह ने बताया कि पीड़ित किशोरी की शिकायत पर दारुल उलूम वक्फ रोड निवासी सलमान को मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। बच्ची को उसकी मां के पास पहुंचाया जा रहा है।

