- अक्टूबर के द्वितीय चक्र में 31 अक्टूबर तक वितरण
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: नियमित खाद्यान्न का वितरण माह अक्टूबर के द्वितीय चक्र में 20 अक्टूबर से आगामी 31 अक्टूबर तक खाद्यान्न वितरण किया जाएाग। अंत्योदय कार्डधारकों में 20 किलो गेहूं 15 किलो चावल प्रति कार्ड तथा पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को 3 किग्रा गेहूं 2 किग्रा एवं चावल प्रति यूनिट 2 किलो की दर से खाद्यान्न मिलेगा। नोडल अधिकारियों की उपस्थित में ई-पॉस मशीन के माध्यम से प्रत्येक उचित दुकान पर नियमानुसार वितरण कराया जाएगा।
जिलापूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिन कार्डधारकों का अंगूठा ई-पॉस मशीन में मैच नहीं होता है, ऐसे कार्डधारकों को 31 अक्टूबर को मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से वितरण किया जाएगा। इसके अलावा जनपदीय स्तरीय पर्यवेक्षण अधिकारियों को भी खाद्यान्न वितरण के समय भ्रमणशील रहते हुए जांच करने के निर्देश जिलाधिकारी जसजीत कौर ने
दिए हैं।
जिलापूर्ति अधिकारी ने उचित दर विक्रेताओं को आदेश दिए कि वह कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए कार्डधारकों को उपरोक्तानुसार आवश्यक वस्तुएं वितरण करते समय अपने मुंह पर मॉस्क, गमछा, दुपट्टा, रूमाल आदि रखें।
कार्डधारकों के ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने से पूर्व उनके हाथों को साबुन/ सेनेटाईजर से अच्छी तरह धुलवाकर ही ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाएं। उसके बाद अन्त्योदय एवं पात्र लाभार्थी कार्डधारकों को ई-पॉस मशीन के माध्यम से खाद्यान्न का वितरण नियमानुसार करें।
वितरण के समय सभी उचित दर दुकानों पर नामित नोडल अधिकारी एवं सम्बन्धित उचित दर विक्रेता यह भी सुनिश्चित करें कि दुकान पर 5 से अधिक कार्डधारक एक साथ इकट्ठे न हों, सोशल डिस्टेन्सिंग बनाये रखने के लिए दो कार्डधारकों के मध्य कम से कम 2 गज की दूरी रखी जाए। कार्डधारकों के बीच गोल निशान बनाकर आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया जाए।

