जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: पशुपालन विभाग द्वारा प्रदेश के गोवंशीय पशुओं की लम्पी रोग से सुरक्षा एवं बचाव हेतु वैक्सीनेशन कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। लम्पी प्रभावित क्षेत्रों में अद्यतन कुल 36100 पशुओं का टीकाकरण पूर्ण किया जा चुका है। टीकाकरण कार्य हेतु प्रदेश सरकार द्वारा गोट पॉक्स वैक्सीन हेतु त्वरित रूप से द्विस्तरीय कार्यवाही तत्काल की गई जिसमें 17.50 लाख डोज की आपात क्रय राज्य सरकार द्वारा की गयी तथा साथ ही अल्पकालीन टेन्डर कर और आपूर्तियां प्राप्त करने हेतु कार्यवाही क्रमित है।
उक्त जानकारी देते हुए निदेशक रोग नियंत्रण एवं प्रक्षेत्र डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा टीकाकरण कार्य के लिए त्वरित गति से कार्यवाही करते हुए मात्र 48 घंटे में ही वैक्सीन की आपूर्ति प्राप्त कर ली गयी एवं 28 अगस्त से लम्पी रोग से प्रभावित क्षेत्रों में टीकाकरण प्रारम्भ हो गया। प्रदेश सरकार द्वारा आपात स्थिति में सीधे वैक्सीन खरीद कर उपलब्ध करायी गयी है, जो कि बीमारी के नियंत्रण हेतु अति त्वरित कार्यवाही है।
डॉ प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि भारत सरकार द्वारा आपात स्थिति में लम्पी स्किन डिजीज के नियंत्रण हेतु गोटपॉक्स वैक्सीन गोवंशीय पशुओं में के सीधे उपयोग की एडवाइजरी जारी की गयी है, जिसके क्रम में उप्र सरकार द्वारा तत्काल 25 अगस्त, 2022 को गोटपॉक्स वैक्सीन के सीधे आपात क्रय का निर्णय लिया गया। 25 अगस्त को ही तत्काल वैक्सीन की आपूर्ति हेतु आदेश निर्गत कर दिये गये, जिसके अनुपालन में 17.50 लाख डोज गोटपॉक्स वैक्सीन की आपूर्ति 48 घंटे में ही प्रदेश को प्राप्त हो गयी।

