
1 मई, 1971 को जन्मे 51 वर्षीय तमिल फिल्मों के सुपरस्टार अजीत कुमार अब तक 60 से अधिक तमिल फिल्मों में काम कर चुके हैं। वह एक एक्टर होने के साथ साथ एक मोटर कार रेसर भी हैं।
अजीत कुमार ने अपने कैरियर की शुरुआत तमिल फिल्म ‘एन वीदु एन कानावर‘ (1990) की एक बेहद छोटी भूमिका के साथ की थी। उसके बाद ‘कधल कोट्टई’ (1996) ‘अवल वरूवाला’ (1998) और ‘काधल मन्नान’ (1998) के साथ खुद को एक रोमांटिक हीरो के रूप में स्थापित किया लेकिन अजीत के मन में कहीं न कहीं एक एक्शन के रूप में काम करने की ख्वाहिश थी और ‘अमरकलम’ (1999) में उन्हें पहली बार एक एक्शन हीरो के रूप में काम करने का अवसर मिला। आज अजीत कुमार साउथ के स्थापित एक्शन हीरोज में से एक हैं। एस जे सूर्या की फिल्म ‘वाली’ (1999) में अजीत कुमार ने ऐसे दो जुड़वां भाइयों का डबल रोल किया, जिसमें से एक मूक बधिर था।
इस डबल रोल के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ तमिल अभिनेता का पहला फिल्म फेयर पुरस्कार मिला। ‘वरलारू’ (2006) में अजीत कुमार ने तिहरी भूमिका निभाई जो उस साल की सबसे अधिक कमाई करने वाली तमिल फिल्म बनी। अजित ने ‘विवेगम’ (2017) ‘पिंक’ (2016) की रीमेक ‘नारकोंडा पारवई’ (2019) और ‘विस्वासम’ (2019) जैसी फिल्मों में जबर्दस्त सफलता अर्जित की।
1990 के दशक के मध्य में अजीत ने अभिनेत्री हीरा राजगोपाल को डेट किया लेकिन 1998 में उनके बीच का यह रिश्ता खत्म हो गया। अप्रैल 2000 में उन्होंने एक्ट्रेस शालिनी से शादी की। उनके 14 साल की बेटी अनुष्का और सात साल का बेटा आव्दिक है। अभी हाल ही में 24 फरवरी को अजीत कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वालिर्मे’ रिलीज हुई। इसमें वे एसीपी अर्जुन की भूमिका में नजर आए। उनके अपोजिट बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी ने सोफिया का किरदार निभाया। इसे तमिल, तेलुगु और हिंदी भाषा के साथ ओवरसीज मार्केट में भी, विशेषकर जापान में रिलीज किया गया। ‘वालिर्मे’ को पहले दिन 62 करोड़ की बंपर ओपनिंग मिली। अकेले तमिलनाडु में पहले दिन इसने 36 करोड़ कमाए।
इस तरह अजीत की इस फिल्म ने अल्लु अर्जुन की ‘पुष्पा’ को भी पीछे छोड़ दिया है।
प्रस्तुत है अजीत कुमार के साथ की गई बातचीत के मुख्य अंश:
आप एक एक्टर होने के साथ साथ एक मोटर कार रेसर भी हैं।हाल ही में रिलीज फिल्म ‘वालिर्मे’ में बाइकर एसीपी अर्जुन का किरदार निभाने का अनुभव कैसा रहा?
मेरे कैरियर की शुरुआत बतौर रोमांटिक हीरो हुई लेकिन मुझे एक्शन रोल निभाना ज्यादा पसंद हैं। ‘वालिर्मे’ एक हाई एक्शन ड्रामा फिल्म है। फिल्म की शूटिंग हमने रास्तों और लाइव लोकेशन पर की। फिल्म के एक्शन सीन्स में 100 से 125 बाइक्स और 15 से 20 गाड़ियों का यूज किया गया, जिनमें से कुछ को ब्लास्ट से उड़ाया गया। यह आॅफिशियली हिंदी में रिलीज होने वाली मेरी पहली फिल्म है। इसलिए यह मेरे दिल के काफी करीब है।
इस फिल्म की शूटिंग के दौरान आपका घुटना टूट गया था?
टूटा नहीं था, लेकिन बुरी तरह छिल अवश्य गया था। उसमें गलती मेरी खुद की ही थी। प्रोडयूसर बोनी कपूर चाहते थे कि सीन डुप्लीकेट पर फिल्माया जाये लेकिन मैंने उसे खुद करने की जिद की थी। फिल्म के उस एक्शन सीन के दौरान मोटर साइकिल उड़ाते हुए वह पलट गई थी जिसके कारण मैं चोटिल हुआ था।
बोनी के साथ आपकी काफी अच्छी बॉंडिंग बन चुकी है। क्या इसका फायदा उठाते हुए अब बॉलीवुड में पैठ बनाने का इरादा है?
फिलहाल तो उनके साथ, साउथ की तीसरी फिल्म ‘ए के 61’ करने जा रहा हूं। इसकी शूटिंग इसी महीने शुरू हो रही है। चैन्नई में इसके लिए विशाल सैट बनाया गया है। इस फिल्म को सात महीने के शूटिंग शैडयूल में पूरा किया जाएगा।
‘ए के 61’ किस तरह की फिल्म हैं। कहा जा रहा है कि इसमें आप पहली बार नेगेटिव रोल निभाने जा रहे हैं?
यह मेरे मनपसंद जेनर की एक एक्शन थ्रिलर है। बोनी कपूर के लिए इसे एच विनोद डायरेक्टर कर रहे हैं। यह सच है कि इसमें मैं नेगेटिव रोल निभा रहा हूं लेकिन यह पहली बार नहीं है। इसके पहलीे भी मैं कुछ फिल्मों में नेगेटिव रोल निभा चुका हूं।
बोनी कपूर की तरह ‘वालिर्मे’ के निर्देशक एच. विनोद के साथ भी आपकी स्पेशल बॉंडिंग देखी जा रही है?
वह एक बेहद काबिल डायरेक्टर होने के साथ ही साथ बहुत अच्छे इंसान भी हैं। इसके पहले भी मैं उनके साथ ‘पिंक’ की तमिल रीमेक में काम कर चुका हूं। ‘वालिर्मे’ के एक्शन सीन के लिए एक्शन डायरेक्टर के साथ विनोद ने भी जी तोड़ मेहनत की। उनकी कोशिशों के कारण ही इसका एक्शन इंटरनेशनल लेवल का बन सका।


