- दोपहर की पाली में छात्र-छात्राओं के बीच रही असमंजस की स्थिति, केंद्रों पर पहुंच कर ली राहत की सास
- मेरठ को छोड़कर 24 जिलों में अंग्रेजी की परीक्षा की गई रद
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यानि यूपी बोर्ड वर्ष 2022 की परीक्षा के छठे दिन बुधवार को 12वीं अंग्रेजी का पेपर लीक हो गया। जिसके बाद 24 जिलों में दूूसरी पाली के तहत होने वाली दो बजे की परीक्षा निरस्त कर दी गई। यह परीक्षा अब 13 अप्रैल को होगी।
हालांकि मेरठ में यह परीक्षा रद नहीं की कई, लेकिन केंद्रों पर दोपहर की पाली में पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं के बीच परीक्षा रद होने की चर्चा होती रही मगर जब उन्हें केंद्रों पर परीक्षा के लिए प्रवेश दिया गया तो उनकी जान में जान आई। बता दें कि बलिया में दोपहर की पाली में होने वाला अंग्रेजी का पेपर लीक होने के बाद प्रदेश के सभी जिलों में हड़कंप मच गया और सभी जिलों में परीक्षा रद होने की अफवाह फैल गई।
मगर जिला विद्यालय निरीक्षक मेरठ गिरजेश कुमार चौधरी ने अफवाहों पर रोक लगाते हुए एक वीडियो वायरल कर सभी को जानकारी दी की मेरठ में यह परीक्षा रद नहीं की गई है, परीक्षा यथावत होगी। वहीं, 24 जिलों में परीक्षा रद होने के बाद दो बजे से शुरू हुई। परीक्षा में पुलिस की सख्ती को बढ़ाया गया और परीक्षा पर कंट्रोल रूम से भी पैनी नजर रखी गई। केंद्रों पर भी हलचल मची रही।
- यूपी बोर्ड से पहले कई और परीक्षाओं के पेपर भी हो चुके हैं रद
बुधवार को 12वीं का पेपर लीक होने के बाद जहां सभी जिलों में हड़कंप मच गया। वहीं, हाल ही में बलिया में 10वीं संस्कृत का पेपर भी आउट हुआ था। जिसमें परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले पेपर के सभी प्रश्न सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। जिसमें डीएम ने तीन सदस्यीय टीम का गठन कर जांच के निर्देश दिए थे।
वहीं, नवंबर माह में यूपीटीईटी परीक्षा का पेपर लीक होने की वजह से रद किया गया था। जिससे परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। टीईटी पत्र लीक कराने के मामले में एसटीएफ ने मेरठ निवासी गौरव मलान और अलीगढ़ से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था।
इन 24 जिलों में रद हुई परीक्षा
आगरा, मैनुपरी, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, शामली, बागपत, बदायूं, शाहजहांपुर, उन्नाव, सीतापुर, ललितपुर, महोबा, जालौन, चित्रकूट, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, गोंडा, गोरखपुरी, आजमगढ़, बलिया, वाराणसी, कानपुर और एटा।
मेरठ क्षेत्रिय बोर्ड कार्यालय से आठ जिलों के परीक्षार्थी हुए प्रभावित
यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षा में मेरठ क्षेत्रिय बोर्ड कार्यालय की ओर से 10,32,972 छात्र-छात्राएं परीक्षा के लिए पंजीकृत थे। जिसमें 10वीं में 558,660 और 12वीं में 474,312 परीक्षार्थी है। मेरठ क्षेत्रिय बोर्ड कार्यालय के 17 जिलों से आठ जिलों के परीक्षार्थी प्रभावित हुए, जिसमें आगरा, अलीगढ़, एटा, बागपत, मैनपुरी, अलीगढ़, मथुरा और शामली शामिल रहा।
ये है जिलेवार परीक्षार्थियों की संख्या
आगरा 52,395
मथुरा 33,709
मैनुपरी 26,873
एटा 24,749
अलीगढ़ 48,142
गाजियाबाद 22,881
बागपत 14868
शामली 12,214

