- इंस्पेक्टर लालकुर्ती ने चार्जशीट एएसपी कैंट आॅफिस भेजी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: चोरी के वाहन काटकर बेचने वाले कबाड़ियों के लिये बदनाम सोतीगंज में पुलिस ने कुख्यात हाजी गल्ला और उसके चार बेटों समेत आठ लोगों और हाजी इकबाल के चार बेटों समेत पांच लोगों के खिलाफ लालकुर्ती पुलिस ने आरोप पत्र दाखिल कर दिया है। इंस्पेक्टर लालकुर्ती ने चार्जशीट एएसपी कैंट आफिस भेज दी है।
लालकुर्ती थाना प्रभारी ने बताया हाजी इकबाल समेत पांच लोगों के खिलाफ चोरी के वाहनों के कटान और अंधाधुंध कमाई का आरोप पाया गया है। इसी तरह हाजी गल्ला और उनके चार बेटों पर चोरी के वाहनों को काटने और बेच कर करोड़ों रुपये कमाने का आरोप पाया गया है। इन दोनों कबाड़ियों के गैंगस्टर की तहत कार्यवाही हुई थी।
गैंगस्टर में निरुद्ध करके सोतीगंज के कबाड़ी हाजी गल्ला और इकबाल की संपत्ति पुलिस ने जब्त कर ली थी। दोनों सोतीगंज के शातिर कबाड़ी हैं। ये दोनों गैंग बनाकर वाहनों की चोरी कराते है और फिर उन वाहनों को काटते हैं। गैंगस्टर के इन दोनों मुकदमों की विवेचना इंस्पेक्टर लालकुर्ती अतरसिंह कर रहे हैं।
इंस्पेक्टर का कहना है कि दोनों मुकदमों में कबाड़ियों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटा लिए हैं। सोतीगंज के अलावा पटेल नगर और वेस्ट एंड रोड पर कबाड़ियों के चोरी की गाड़ी काटने के लिए अवैध रूप से गैराज बने हुए हैं। इन दोनों कबाड़ी के गैंग में 15-20 कबाड़ी शामिल है। जिन का पूरा रिकॉर्ड पुलिस ने विवेचना में निकाल लिया है।
पिल्ला को पकड़ने को हैदराबाद पुलिस को पत्र
स्क्रैप कारोबारी दानिश उर्फ पिल्ला के बारे में नौचंदी पुलिस ने हैदराबाद पुलिस को पत्र लिखकर पिस्टल के बारे में जानकारी मांगी है। पुलिस पता करना चाहती है कि पिस्टल का लाइसेंस उसके नाम है या नहीं। नौचंदी थाना क्षेत्र के ढबाई नगर निवासी दानिश मलिक उर्फ पिल्ला का स्क्रैप का कारोबार है। वर्तमान में वह हैदराबाद में है।
दानिश का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में वह 30 मार्च को ग्रांड किंगडम रिसोर्ट में आयोजित शादी में पिस्टल से पांच राउंड फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहा है। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद नौचंदी पुलिस ने दानिश उर्फ पिल्ला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया हैं। इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि दानिश के बारे में हैदराबाद पुलिस से संपर्क किया गया है।
दिल्ली से चोरी फाचर््यूनर बरामद, दो पकड़े
एसओजी और भावनपुर थाना पुलिस ने मुठभेड़ में दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके चार साथी फरार हो गए। आरोपितों के कब्जे से फाचर््यूनर बरामद हुई, जो दो दिन पहले दिल्ली से चोरी की गई थी। एसओजी और भावनपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि कायस्थ बड्ढा में जेई पुलिया के पास बदमाश मौजूद हैं। पुलिस ने घेराबंदी की, तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने शादाब निवासी गांव सिंघावली रोहटा रोड थाना कंकरखेड़ा और शाहआलम निवासी खुजनावर थाना फतेहपुर जिला सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से बरामद फार्च्यूनर कार दिल्ली के आर्दश नगर थाना क्षेत्र की पंचवटी कालोनी निवासी संदीप वर्मा की है। थाना प्रभारी ने बताया कि मोहसीन और साकिब निवासी सोतीगंज थाना सदर बाजार, इसरार निवासी लिसाड़ी गेट और कादिर निवासी कायस्थबड्डा फरार हो गए हैं। दिल्ली पुलिस को फार्च्यूनर बरामद होने के बारे में सूचना दे दी गई है।

