- पुलिस द्वारा की जा रही प्रश्नपत्रों की सुरक्षा प्रधानाचार्यों ने किया कक्ष स्थानांतरण
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यानि यूपी बोर्ड 12वीं में अंग्र्रेजी का पेपर लीक होने के बाद शासन स्तर से सभी शिक्षाधिकारियों को केंद्रों पर सख्ती करने के निर्देश जारी किए गए है। जिसके चलते प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। हालांकि शुक्रवार को सुबह की पाली में कोई पेपर न होने की वजह से केंद्रों पर निरीक्षण नहीं किया गया। शाम की पाली में भी मुख्य विषय की कोई परीक्षा नहीं हुई।
बता दें कि बलिया में 12वीं अंग्रेजी का पेपर आउट होने के बाद परीक्षा केंद्रों पर रखे हुए प्रश्नपत्रों की सुरक्षा अब पुलिस स्तर पर की जा रही है। जहां पेपर रखे गए हैं, उस कक्ष में अब कोई काम सम्पन्न नहीं कराया जाएगा। यूपी बोर्ड परीक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच कराने की उम्मीदों पर पानी फिरने के बाद यूपी बोर्ड की काफी किरकिरी हुई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक के स्तर पर भी केंद्रों पर सख्ती करने के निर्देश जारी किए गए हैं। ताकि किसी तरह की खामी न हो सके। यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षा में मेरठ क्षेत्रिय बोर्ड कार्यालय की ओर से 10,32,972 छात्र-छात्राएं परीक्षा के लिए पंजीकृत थे। जिसमें 10वीं में 558,660 और 12वीं में 474,312 परीक्षार्थी है। बलिया में पेपर लीक होने की वजह से मेरठ क्षेत्रिय बोर्ड कार्यालय के 17 जिलों से आठ जिलों के परीक्षार्थी प्रभावित हुए जिसमें आगरा, अलीगढ़, एटा, बागपत, मैनपुरी, अलीगढ़, मथुरा और शामली शामिल रहा।
रुहेलखंड विवि कराएगा बीएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन
उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को बड़ा उपहार देने जा रही है। इस वर्ष की बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा व काउंसिलिंग शुल्क में बड़ी कटौती की गई है। बीएड संयुक्त परीक्षा 2022 का विज्ञापन 15 अप्रैल को जारी होने जा रहा है। बीएड संयुक्त परीक्षा 2022 में आवेदन करने के लिए सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग व राज्य के बाहर के छात्रों को 1000 रुपये व विलंब शुल्क के साथ 1600 रुपये शुल्क देना होगा, जो पहले 1500 रुपये व विलंब शुल्क के साथ 2500 रुपये लिया जा रहा था।
प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण छात्रों को काउंसिलिंग कराने के लिए 650 रुपये शुल्क देना होगा, जो पहले 1000 रुपये देना पड़ता था। बता दें कि उत्तर प्रदेश में इस वर्ष बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2022 का आयोजन महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली की ओर से किया जाएगा। प्रदेश के छात्र और छात्राओं के हित में बीएड प्रवेश परीक्षा का शुल्क घटाने का निर्णय लिया गया है। वहीं प्रवेश परीक्षा एक से सात जुलाई के मध्य आयोजित कराई जाएगी। परीक्षा परिणाम पांच अगस्त को जारी होगा। परीक्षा में उत्तीर्ण छात्रों की काउंसिलिंग 10 से ़25 अगस्त के बीच होगी। बीएड का नियमित सत्र 29 अगस्त से शुरू हो जाएगा।

