- कोई भी मरीज बिना इलाज के अस्पताल से वापस न जाए, सरकार कर रही ऐसी व्यवस्था
जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को पार्क रोड स्थित ड्रोसिया टॉवर में आयोजित सीड्स ऑफ़ इनोसेंस-आईवीएफ एवं जेनेटिक क्लीनिक का शुभारंभ किया। सर्जरी से लेकर आईवीएफ, आईसीएफ जैसी विभिन्न सुविधाएं यहां मिलेंगी।
उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि आईवीएफ सेंटर का लखनऊ के लिए बेहतर परिणाम होंगे। दिल्ली और अन्य बड़े शहरों में मिलने वाली सुविधाएं लखनऊ में भी मिलेंगी। उन्होंने संस्थान से अपील की कि यहां पर मिलने वाली सुविधाएं सस्ती हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर हमारी सरकार काम कर रही है। मरीज और पीड़ित को उत्तम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि कोई भी मरीज बिना इलाज के अस्पताल से वापस न जाए ऐसी व्यवस्था सरकार कर रही है। उन्होंने सरकारी और निजी अस्पतालों के चिकित्सकों से अपील की कि मरीजों की सेवा भाव से उपचार करें। लोगों को उत्तम स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना वर्तमान सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। सरकार हर संभव सहायता के लिए तैयार है।

