- राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: उप्र के जनपद हाथरस में दलित युवती के साथ गैंगरेप और उसके बाद उपचार के दौरान अस्पताल में मृत्यु होने के बाद से विरोध के स्वर थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश के राज्यपाल से हाथरस के तत्कालीन जिलाधिकारी को बर्खास्त किए जाने की मांग की है।
रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक सैनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल एसडीएम सदर संदीप कुमार से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश की राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में कहा कि कांग्रेस हाथरस कांड की तीव्र निंदा करती है।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी तथा पूर्व अध्यक्ष सांसद राहुल गांधी के साथ हाथरस जाते समय हुई बदसलू की गई। हाथरस के जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार पर दबाव बनाते हुए कहा कि नेता आज हैं, कल नहीं आएंगे जबकि हमको यहीं रहना है।
ज्ञापन में प्रशासन पर बयान बदलने के आरोप लगाते हुए राज्यपाल से हाथरस के जिलाधिकारी को अविलंब बर्खास्त करने की मांग की गई है। साथ ही, हाथरस प्रकरण की मजिस्ट्रेट जांच कराए जाने की मांग भी की है।
प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक सैनी के अलावा शहर अध्यक्ष अनुज गौतम, सेवादल जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र कांबोज, लोकेश कटारिया, जावेद खान आदि शामिल रहे

