जनवाणी संवाददाता |
मुज़फ्फरनगर: भारतीय योग संस्थान के तत्वावधान में रविवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय हल्का नंबर दो रामलीला टिल्ला जनपद मुजफ्फरनगर में एक निशुल्क योग साधना केंद्र का उद्घाटन जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर ने किया। सर्वप्रथम जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर ने ओम ध्वनि और गायत्री मंत्र से योग साधना शुरू कराई।

उन्होंने हाथ और पैरों वह जोड़ों के दर्द को दूर करने में सहायक सूक्ष्म क्रियाएं कराई। तत्पश्चात योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने अनुलोम विलोम कपालभाति और भस्त्रिका प्राणायाम कराएं ।
इस अवसर पर योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने बताया कि भारतीय योग संस्थान एक अनूठी संस्था है जो देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी योग को घर-घर तक निशुल्क पहुंचाने का पुण्य कार्य कर रही है। योग ही एक ऐसी विधा है जिससे समाज में एक सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। योग से व्यक्ति का शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और अध्यात्मिक विकास होता है।
जब व्यक्ति शरीर और मन से स्वस्थ होता है तो वह समाज के लिए हितकारी होता है। मानसिक रूप से और शारीरिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति स्वयं के लिए भी नुकसानदायक होता है और समाज के लिए भी नुकसानदायक होता है।
जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर ने कहा कि यह योग केंद्र बहुत से लोगों को स्वास्थ्य लाभ देगा। भारतीय योग संस्थान का लक्ष्य गृहस्थ सन्यासी तैयार करना है। हम परिवार में इस प्रकार रहे कि जैसे यह विश्व ही एक कुटुंब के समान है।
सब सुखी हों सब निरोग हो यही भारतीय योग संस्थान का एकमात्र उद्देश्य है। इस अवसर पर योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य व जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर ने लक्ष्मण सिंह को संस्थान का बैनर निशुल्क भेंट कर उन्हें केंद्र प्रमुख नियुक्त किया। इस अवसर पर काफी संख्या में नव युवकों, युवतियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
जिसमें मुख्य रुप से प्रवीण कुमार, विपिन कुमार, मुकेश कुमार, नरेश कुमार, मनीष कुमार, आयुष्मान, नीलम राठी, ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल के केंद्र प्रमुख नीरज बंसल आदि का विशेष योगदान रहा। अंत में प्रसाद वितरण और शांति पाठ के बाद कार्यक्रम का समापन किया गया।

