- विवादों के तुरन्त निस्तारण के दिये आदेश
- पुराने विवादों में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की टीम बनाकर निपटाये जायेंगे विवाद
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी व एसएसपी ने शहर कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिये कि समाधान दिवस में आने वाले मामलों का तुरन्त निस्तारण किया जाये और जो पुराने विवाद हैं|

उनमें पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की टीम बनाकर मौके पर भेजा जाये और मामलों का निपटारा किया जाये। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
गौरतलब है कि शनिवार को थानों में समाधान दिवस मनाया जाता है, जिसमें जमीन संबंधी विवादों का निस्तारण किया जाता है। समाधान दिवस के अवसर पर पुलिस कर्मियों के अलावा राजस्व विभाग की टीम भी मौजूद रहती है, ताकि मौके पर ही विवादों का निस्तारण किया जा सके। सोमवार को जिलाधिकारी चन्द्रभूषण सिंह व एसएसपी अभिषेक यादव शहर कोतवाली पहुंचे|
और यहां पर उन्होंने विवादों को सुनकर उनका मौके पर ही निस्तारण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने अधीनस्थों को आदेश दिया कि समाधान दिवस पर आने वाले विवादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाये और यदि मौके पर जाने की आवश्यकता हो, तो पुलिस व प्रशासिनक टीमों का गठन कर मौके पर भेजा जाये। विवादों का किसी भी दशा में लम्बित नहीं रखा जायेगा।

