जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: जनपद में अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में थाना सरसावा पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बिना वैध प्रपत्रों के रेत का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज किया है।
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के निर्देशन में जनपदभर में अपराध की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत थाना सरसावा प्रभारी प्रवेश कुमार शर्मा एवं खनन अधिकारी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने चौकी शहाजहाँपुर क्षेत्र में चेकिंग की।चेकिंग के दौरान दो ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत से भरी हुई पाई गईं, जिनके पास खनन संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। इसके बाद दोनों वाहनों को नियमानुसार सीज कर दिया गया।
एसपी देहात ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और नियम विरुद्ध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाना है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ कानून व्यवस्था भी मजबूत बनी रहे। उन्होंने कहा कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई करने वाली संयुक्त टीम में थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक सौरभ कुमार, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार, कांस्टेबल रोहित कुमार तथा राजस्व विभाग के संग्रह अमीन शामिल रहे।

