जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश में बृहस्पतिवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। आंधी-बारिश और ओलों की गिरावट से तेज गर्मी से राहत मिली। अधिकतम तापमान में 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई। हालांकि, शनिवार से तापमान फिर बढ़ने लगेगा। 4 मई से राज्य के कुछ हिस्सों में दोबारा हल्की बारिश के संकेत हैं।
कौन-कौन से जिले प्रभावित
आंधी-बारिश के असर से अयोध्या, वाराणसी, कानपुर, बलिया और गाजीपुर जैसे जिलों में दिन का तापमान घटकर लगभग 30 डिग्री सेल्सियस हो गया। उरई 43.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि अयोध्या में रात का तापमान 19.5 डिग्री दर्ज किया गया। अमेठी में तापमान सामान्य से लगभग 10 डिग्री कम रहा। बाराबंकी और गाजियाबाद में कई जगह ओले गिरे।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार, शुक्रवार से बारिश का दायरा सीमित हो जाएगा। पूर्वी और तराई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। 4 मई से सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ इलाकों में दोबारा हल्की बारिश हो सकती है।

