- पीड़ितों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर पुलिस टीम को किया सम्मानित
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: बाईक सवार बदमाशों द्वारा तेल मांगने के नाम पर हथियारों के बल पर शहर कोतवाली क्षेत्र में तीन लूट की घटनाओं को अंजाम दिया गया। पीड़ितों ने घटना की सूचना शहर कोतवाली पुलिस को दी, जिस पर पुलिस ने तुरन्त एक्शन लेते हुए मात्र डेढ़ घंटे में लूटेरों को गिरफ्तार कर लूट की तीनों घटनाओं का खुलासा कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए पीड़ितों ने पुलिस को सम्मानित किया है।
शुक्रवार की रात्रि दो बाइक सवार लुटेरों द्वारा शहर कोतवाली क्षेत्र के मिमलाना रोड पर अलग-अलग जगह तीन घटनाओं को अंजाम दिया गया था। बदमाशों द्वारा राहगीरों को रोककर उनसे तेल मांगने के बहाने तमंचे के बल पर लूट की जा रही थी। बदमाशों का शिकार बने पीड़ितों द्वारा थाना कोतवाली पहुंचकर कोतवाली प्रभारी आनंद देव मिश्र को अवगत कराया गया|
जिसके बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। सीओ सिटी कुलदीप सिंह के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी आनन्द देव मिश्र ने एक टीम का गठन कर मामले का खुलासा करने के निर्देश दिये। शहर कोतवाली प्रभारी आनन्द देव मिश्र व उनकी टीम द्वारा मा़ डेढ़ घंटे के अंदर लूट की तीनों घटनाओं का खुलासा करते हुए घटना में शामिल दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे लूटे गए पैसे व मोबाइल भी बरामद किया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को देखते हुए पीड़ित पक्ष अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचा और शहर कोतवाल आनन्द देव मिश्र व उनकी टीम को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया।

